चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने ‘शानदार चार साल, भगवंत मान के साथ’ अभियान के तहत राज्य के स्वास्थ्य विभाग का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। इस दौरान उन्होंने सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में आए बदलाव को विस्तार से बताया।
सीएम मान ने केंद्र की आयुष्मान भारत योजना को शर्तों से घिरा बताते हुए कहा कि पंजाब की मुख्यमंत्री सेहत योजना बिना किसी पाबंदी के हर नागरिक को 10 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा देती है। उन्होंने कहा कि यह अंतर सिर्फ बजट का नहीं, बल्कि नीयत और इरादों का है।
सेहत योजना: बिना शर्त इलाज की गारंटी
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में अब तक 25 लाख लोग इस योजना के तहत पंजीकृत हो चुके हैं, जबकि 1.6 लाख से अधिक मरीज इसका लाभ ले चुके हैं। पंजाब और चंडीगढ़ के करीब 900 अस्पताल इस योजना से जुड़े हैं, जहां 2600 से अधिक बीमारियों का मुफ्त इलाज उपलब्ध है।
उन्होंने दावा किया कि जहां केंद्र सरकार 140 करोड़ आबादी के लिए लगभग 9300 करोड़ रुपये खर्च कर रही है, वहीं पंजाब सरकार 3 करोड़ लोगों के लिए 2000 करोड़ रुपये का बजट दे रही है। इससे प्रति व्यक्ति खर्च केंद्र के मुकाबले करीब 10 गुना अधिक है.
आम आदमी क्लीनिक बने स्वास्थ्य की रीढ़
राज्य में आम आदमी क्लीनिक स्वास्थ्य व्यवस्था का मजबूत आधार बनकर उभरे हैं। वर्तमान में 883 क्लीनिक संचालित हैं और 28 मार्च को 100 नए क्लीनिक शुरू किए जाएंगे।
इन क्लीनिकों में अब तक 5 करोड़ से ज्यादा ओपीडी दर्ज हो चुकी हैं और 1.69 करोड़ मरीजों का मुफ्त इलाज किया गया है। यहां 47 प्रकार के टेस्ट और 107 दवाइयां मुफ्त उपलब्ध हैं, जबकि मरीज संतुष्टि दर 94% बताई गई है।

डॉक्टरों की बड़ी भर्ती
सरकार ने स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर भर्तियां की हैं। पिछले चार साल में 948 जनरल डॉक्टर और 627 विशेषज्ञ डॉक्टर नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा 300 नर्सिंग स्टाफ और 250 फार्मासिस्ट भर्ती किए गए हैं, जबकि 672 नर्सों की भर्ती प्रक्रिया जारी है।
कैंसर और गंभीर बीमारियों पर फोकस
- सरकार ने आधुनिक तकनीक के जरिए इलाज को मजबूत किया है।
- AI आधारित कैंसर स्क्रीनिंग में सितंबर 2025 से मार्च 2026 तक 9,294 महिलाओं की जांच की गई।
- 2026 तक अमृतसर, फरीदकोट, मोहाली और पटियाला में PET स्कैन सुविधा शुरू होगी।
- ‘पंजाब स्टेमी प्रोजेक्ट’ दिल के मरीजों के लिए लागू किया गया है।
- लुधियाना के सहयोग से स्ट्रोक प्रोजेक्ट भी संचालित है.
इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़ा निवेश
स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 400 करोड़ रुपये से अधिक के आधुनिक उपकरण खरीदे गए हैं। 50 बिस्तरों वाले 22 क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाए जा रहे हैं। अक्टूबर 2026 तक सभी जिला अस्पतालों में MRI और CT स्कैन की सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
मेडिकल हब बनने की दिशा में पंजाब
राज्य में 7 नए मेडिकल कॉलेज बनाए जा रहे हैं, जिससे 600 नई MBBS सीटें बढ़ेंगी। इसके अलावा ‘इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बायलेरी साइंसेज’ भी स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा दे रहा है।
स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए ‘सीएम दी योगशाला’ अभियान के तहत रोजाना 8000 योग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें 2 लाख से अधिक लोग हिस्सा ले रहे हैं।
- अमेरिकी USCIRF रिपोर्ट में RSS पर बैन लगाने की सिफारिश, भारत ने जताया विरोध ; 275 पूर्व जज-अधिकारियों ने विरोध करते हुए कहा- रिश्ते खराब करने की कोशिश
- छिपकली वाली सब्जी ने किया बीमार: 1 ही परिवार के 6 लोगों की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती
- Summer Skin Care Tips: इन 5 Natural Remedies से पाएं Cooling और Rash-Free Skin
- धर्मांतरण के जाल पर बड़ा वार : ‘सीक्रेट नेटवर्क’ का पर्दाफाश, मास्टरमाइंड डेविड चाको गिरफ्तार
- ‘चुनाव के बाद बढे़ंगी पेट्रोल-डीजल और LPG की कीमतें’, मिडिल ईस्ट में जंग के बीच राहुल गांधी का बड़ा दावा

