CG News : बलौदाबाजार. बलौदाबाजार जिले में धान खरीदी के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले समिति प्रबंधक के फरार भाई को गिरफ्तार किया गया है. समिति प्रबंधक ने अपने भाई के साथ मिलकर धान को बिना खरीदी केंद्र में लाए ही टोकन काट तौल पत्रक जारी कर ऑनलाइन प्रविष्टि कर भुगतान प्राप्त कर लिया था. मामले में समिति प्रबंधक को पूर्व में गिरफ्तार कर लिया गया था पर उसका भाई फरार चल रहा था. जिसे अब गिरफ्तार किया गया है. मामला पलारी थाना क्षेत्र का है.

संजय कुमार वर्मा निवासी इंदिरा कॉलोनी बलौदा बाजार शाखा प्रबंधक जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा कोदवा के पद पर पदस्थ हैं. उन्होंने पलारी थाने 23 जनवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी. अपनी रिपोर्ट उन्होंने बताया था कि धान खरीदी केंद्र खरतोरा का प्रशासनिक अधिकारियों के द्वारा जांच किया गया है, जिसमें प्रभारी समिति प्रबंधक द्वारा अपने बड़े भाई संतोष कुमार गेंडरे के नाम पर 21 जनवरी 2026 को जारी टोकन के विरुद्ध धान उपार्जन केंद्र में लाए बिना 53 कट्टा धान मात्रा 21.20 क्विंटल सरना धान कुल राशि 50 हजार 200 रूपये उक्त तिथि को ही फर्जी तरीके से तौल पत्रक जारी कर ऑनलाइन प्रविष्टि एवं ऑनलाइन भुगतान की प्रविष्टि की गई और भुगतान प्राप्त कर लिया गया. जिस शासन को उक्त राशि की क्षति हुई.

मामले में एसपी भावना गुप्ता के निर्देश पर थाना पलारी में संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया गया. प्रकरण में संलिप्त समिति प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया गया था, पर समिति प्रबंधक का बड़ा भाई फरार चल रहा था. जिसकी सर गर्मी से तलाश चल रही थी. मुखबिर सूचना पर समिति प्रबंधक के भाई संतोष कुमार गेंडरे उम्र 56 साल निवासी ग्राम खैरा थाना पलारी वर्तमान निवासी सुनीता पार्क तेलीबांधा रायपुर जिला रायपुर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है.