पटना। एसटीएफ ने राजधानी के दीघा इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर सोना ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कुंदन के रूप में हुई है, जो ऑर्डर लेकर लोगों को नकली सोने के गहने थमाता था। गिरफ्तारी के वक्त उसके पास से सोने की 6 चेन बरामद की गई हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
STF की सटीक घेराबंदी और गिरफ्तारी
आरोपी कुंदन पिछले करीब एक सप्ताह से दीघा और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय था। वह घूम-घूमकर लोगों को जेवरात बनाने का झांसा देकर ऑर्डर ले रहा था। स्थानीय पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी, लेकिन एसटीएफ की खुफिया इकाई को इसकी गुप्त सूचना मिल गई। सोमवार सुबह जब कुंदन दोबारा ठगी की नीयत से इलाके में निकला, तो एसटीएफ की टीम ने घेराबंदी कर उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
असली नमूना दिखाकर थमाता था पीतल
पूछताछ के दौरान कुंदन ने अपने अपराध करने के तरीके का खुलासा किया। वह ग्राहकों को लुभाने के लिए पहले असली सोने के गहनों के नमूने दिखाता था। जब ग्राहक भरोसा कर लेते और जेवर बनवाने के लिए पैसे एडवांस दे देते, तो वह डिलीवरी के समय हुबहू दिखने वाले नकली सोने के गहने थमाकर रफूचक्कर हो जाता था।
गिरोह की तलाश जारी
कुंदन के खिलाफ पटना के विभिन्न थानों में शिकायतें दर्ज थीं। अकेले दीघा थाने में ही अब तक 6 पीड़ित अपनी शिकायत दर्ज करा चुके हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह के तार और कहां-कहां जुड़े हैं। पटना में पहले भी सोने की गुल्ली दिखाकर ठगी करने वाले गिरोह सक्रिय रहे हैं, इसलिए एसटीएफ अब कुंदन के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है ताकि पूरे गिरोह का सफाया किया जा सके।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

