नालंदा। जिले के हरनौत थाना अंतर्गत डाक बंगला रोड स्थित नर्स ब्लॉक के पास एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा का शव उसके किराए के कमरे में खून से लथपथ पाया गया। मृतका की पहचान काजल कुमारी के रूप में हुई है, जो बख्तियारपुर के लक्ष्मणपुर गांव की रहने वाली थी। छात्रा के सिर में गोली लगी है और घटनास्थल से एक देसी कट्टा (पिस्तौल) बरामद किया गया है।

​पिता लोको पायलट, परिवार गुजरात में

​काजल के पिता वशिष्ठ नारायण रेलवे में लोको पायलट हैं। वारदात के समय वह और परिवार के अन्य सदस्य गुजरात में थे। छात्रा पिछले दो साल से यहां विद्याभूषण शर्मा के मकान में अपनी मां और भाई-बहनों के साथ रहकर पढ़ाई कर रही थी। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे वह अपने एक रिश्तेदार के घर से वापस लौटी थी, लेकिन वापसी के महज दो घंटे बाद ही यह खौफनाक वारदात हो गई।

​मकान मालिक ने देखा खौफनाक मंजर

​सुबह करीब 10 बजे जब गोली चलने की तेज आवाज आई, तो मकान मालिक और उनकी पत्नी तुरंत दूसरी मंजिल पर काजल के कमरे की ओर भागे। दरवाजा खुला हुआ था और काजल कुर्सी पर मृत पड़ी थी। गोली उसके सिर में लगी थी, जिससे खोपड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। सबसे चौंकाने वाला तथ्य यह था कि शव से करीब तीन फीट की दूरी पर एक बेंच पर देसी पिस्तौल रखी हुई थी।

​हत्या या आत्महत्या? उलझी पुलिस की गुत्थी

​पुलिस इस मामले को हत्या और आत्महत्या, दोनों दृष्टिकोणों से देख रही है। मौके पर पहुंचे सदर डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि घटनास्थल को सील कर दिया गया है। एफएसएल (FSL) की टीम को साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया है। पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि यह आत्महत्या है, तो पिस्तौल इस्तेमाल के बाद बेंच पर कैसे पहुंची? वहीं, स्थानीय स्तर पर प्रेम-प्रसंग के एंगल की भी चर्चा है।

​जांच के दायरे में कई सवाल

​पुलिस फिलहाल इस बात की जांच कर रही है कि नाबालिग छात्रा के पास हथियार कहां से आया। शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।