Rajasthan News : जोधपुर. फेसबुक में फर्जी आईडी बनाकर विवाहित महिला से आरोपी ने दोस्ती कर ली. इस दौरान उसने महिला को मिलने के लिए बुलाया, आरोपी ने नशीला पदार्थ खिलाकर गंदा काम किया. पीड़िता का अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करता रहा. पीड़िता को अपने पति से तलाक लेकर शादी के लिए दबाव बनाता रहा. परेशान होकर महिला ने इसकी रिपोर्ट दर्ज करवाई. आरोपी पिछले 9 माह से फरार था. आरोपी पर पुलिस ने दस हजार रुपए का इनाम भी घोषित कर रखा था. अब आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. मामला बाप थाना क्षेत्र का है.

सोशल मीडिया पर फेक आईडी बनाकर फंसाया
बाप पुलिस ने बताया कि 18 जून 2025 को पीड़िता ने बाप थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी.
रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपी ने सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर उससे संपर्क किया. बाद में बहला-फुसलाकर उसके फोटो और वीडियो बना लिए तथा उन्हें वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करता रहा.
आरोपी ने पीड़िता को नशीली गोलियां देकर जबरन दुष्कर्म किया और इस दौरान अश्लील वीडियो भी बनाए. इसके बाद वह लगातार ब्लैकमेल कर पति से तलाक ले उससे शादी का दबाव बनाने लगा. मना करने पर आरोपी ने पीड़िता के पति और बच्चों को जान से मारने की धमकी दी और उसके वीडियो भी वायरल कर दिए. मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार था, जिसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था. पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर 30 मार्च को कार्रवाई करते हुए आरोपी छगनाराम पुत्र मोतीलाल उर्फ मोतीराम प्रजापत, निवासी नोख को गिरफ्तार किया. आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है. मामले की जांच जारी है.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

