Bihar News: पश्चिम बंगाल समेत 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बिहार में भी राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। बीजेपी नेता और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी आज मंगलवार (7 अप्रैल) को कोलकाता पहुंचे, जहां वह पार्टी के लिए प्रचार प्रसार करने का काम करेंगे। बीजेपी ने बंगाल चुनाव के लिए सम्राट चौधरी को स्टार प्रचारक के रूप में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।

SIR पर दिया बड़ा बयान

कोलकाता पहुंचते ही सम्राट चौधरी ने एसआईआर को लेकर बड़ा बयान दिया है। न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा कि, बिहार में एसआईआर हुआ। SIR के तहत सभी घुसपैठियों को बाहर करना है। हमने अभी तक 22 लाख लोगों के नाम कांटे हैं और उनका अनाज भी बंद किया है और आगे भी उनके ड्राइविंग लाइसेंस से लेकर एक-एक उनके कार्ड बंद कर देंगे।

पश्चिम बंगाल को बनाना है ‘सोनार बंगाल’- सम्राट चौधरी

बता दें कि कोलकाता के लिए रवाना होने से पहले भी सम्राट चौधरी ने मीडिया से बातचीत के दौरान बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा कि, बीजेपी का लक्ष्य पश्चिम बंगाल को ‘सोनार बंगाल’ बनाना है। चौधरी ने कहा कि, राज्य में लोकतंत्र को मजबूत करना, घुसपैठियों को बाहर करना और बंगाली अस्मिता को पुनः स्थापित करना बीजेपी की प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी कहा कि, जैसे आजादी की लड़ाई में बंगाल के लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, वैसे ही अब राज्य में बदलाव के लिए जनता तैयार है।

बंगाल में दो चरणों में होगी वोटिंग

बता दें कि 294 विधानसभा सीटों वाले पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान होना है। पहले चरण के लिए 23 अप्रैल और दूसरे चरण के लिए 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। जबकि 4 मई को परिणाम सामने आएगा।

कब कहां पड़ेंगे वोट?

पश्चिम बंगाल में दो चरणों 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा।
तमिलनाडु में एक चरण, 23 अप्रैल को वोटिंग।
केरल में एक चरण, 9 अप्रैल को वोटिंग।
असम में एक चरण, 9 अप्रैल को वोटिंग।
पुडुचेरी में एक चरण, 9 अप्रैल को वोटिंग।
सभी पांचों राज्यों का चुनाव परिणाम 4 मई को एक साथ आएगा।

ये भी पढ़ें- रामकृपाल यादव का ममता और तेजस्वी पर हमला, बंगाल में परिवर्तन तय