Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (07 अप्रैल 2026) की खबरों में दिल्ली हाई कोर्ट: BCD चुनाव में 100% आरक्षण स्वीकार्य नहीं, दिल्ली में सभी संपत्तियों की रजिस्ट्री होगी पेपरलेस, DPS द्वारका फीस विवाद: दिल्ली हाईकोर्ट ने स्कूल को लगाई फटकार, केंद्र का दिल्ली को बड़ा तोहफा, अनाधिकृत कॉलोनियों में रहने वालों के लिए बड़ी राहत, Delhi-Dehradun Expressway: अब सिर्फ 2.5 घंटे में दिल्ली से देहरादून प्रमुख रहा।
दिल्ली हाई कोर्ट: BCD चुनाव में 100% आरक्षण स्वीकार्य नहीं
दिल्ली हाई कोर्ट ने स्पष्ट कर दिया है कि बार काउंसिल ऑफ दिल्ली (BCD) के चुनाव में सभी सीटों पर आरक्षण लागू करना संविधान के तहत संभव नहीं है। वकीलों ने मांग की थी कि 6 सीटें उन वकीलों के लिए आरक्षित की जाएँ जिनके पास 10 साल से कम का अनुभव है। चीफ जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय और जस्टिस तुषार राव गेडेला की पीठ ने यह अपील खारिज कर दी। कोर्ट ने कहा कि इस तरह का कदम सभी पदों पर 100 फीसदी आरक्षण लागू करने जैसा होगा, जिसे स्वीकार नहीं किया जा सकता।

दिल्ली में सभी संपत्तियों की रजिस्ट्री होगी पेपरलेस
दिल्ली में प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया अब पूरी तरह डिजिटल होने जा रही है। नई व्यवस्था के तहत रजिस्ट्रेशन सिस्टम को पेपरलेस और ऑनलाइन किया जाएगा, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इस नई व्यवस्था में आवेदन से लेकर प्रॉपर्टी के मालिकाना हक की जांच तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद दस्तावेज सीधे आवेदक के DigiLocker में भेज दिए जाएंगे, जिससे कागजी दस्तावेज रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

DPS द्वारका फीस विवाद: दिल्ली हाईकोर्ट ने स्कूल को लगाई फटकार
फीस बढ़ोतरी को लेकर चल रहे विवाद के बीच दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) ने Delhi Public School Dwarka के 25 छात्रों को बड़ी राहत दी है। कोर्ट ने फीस न जमा करने पर स्कूल से निकाले गए इन छात्रों को मंगलवार से दोबारा कक्षाओं में शामिल होने की अनुमति दे दी है। सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि किसी भी स्थिति में छात्रों की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए।

केंद्र का दिल्ली को बड़ा तोहफा, अनाधिकृत कॉलोनियों में रहने वालों के लिए बड़ी राहत
दिल्ली सरकार ने अनाधिकृत कॉलोनियों में रहने वाले लाखों परिवारों के लिए बड़ी राहत की तैयारी शुरू कर दी है। सरकार अब ‘As-is Where-is’ आधार पर इन कॉलोनियों को नियमित करने और मालिकाना हक देने की प्रक्रिया को तेज कर रही है। इस योजना की जानकारी केंद्रीय मनोहर लाल खट्टर और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने साझा की। सीएम रेखा गुप्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस पहल से करीब 50 लाख लोगों को फायदा मिलने की उम्मीद है।

Delhi-Dehradun Expressway: अब सिर्फ 2.5 घंटे में दिल्ली से देहरादून
गाजियाबाद के लोनी से शुरू होने वाले दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे (Delhi-Dehradun Expressway) का उद्घाटन 14 अप्रैल को किया जाएगा। नई एक्सप्रेसवे से राजधानी दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा और अधिक सुगम और तेज हो जाएगी। इस एक्सप्रेसवे के दो खंड पहले ही वाहनों के लिए खोल दिए गए हैं. दिल्ली से लोनी और लोनी से बागपत। उद्घाटन के बाद पूरी रूट, जो दिल्ली के अक्षरधाम से होकर बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर तक जाती है, यात्रियों के लिए पूरी तरह उपलब्ध हो जाएगी। इससे गाजियाबाद और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को जाम में फंसे बिना देहरादून पहुंचने की सुविधा मिलेगी। एनएचएआई के अधिकारी उद्घाटन और यातायात व्यवस्था को लेकर पूरी तैयारी कर रहे हैं।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
दिल्ली में वृद्धावस्था पेंशन के लिए नया निगरानी सिस्टम: राजधानी में वृद्धावस्था पेंशन पाने वाले बुजुर्गों के लिए दिल्ली सरकार ने नया निगरानी सिस्टम तैयार किया है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पेंशन केवल उन्हीं को दी जाए जो अपने पते पर वास्तव में रहते हैं। सरकार द्वारा नियुक्त एजेंसी 20 अप्रैल के बाद डोर-टू-डोर सर्वे शुरू करेगी। पेंशन धारकों की लोकेशन की पुष्टि के लिए जियो ट्रैकिंग का इस्तेमाल किया जाएगा। सर्वे टीम सीधे बुजुर्गों के घर जाएगी और उनकी मौजूदगी की पुष्टि करेगी। अगर कोई व्यक्ति लगातार तीन बार घर पर नहीं मिलता, तो उसकी पेंशन पर रोक लग सकती है। (पढ़े पूरी खबर)
सरबजीत ने विधानसभा में क्यों घुसाई गाड़ी? : दिल्ली विधानसभा परिसर में कार घुसाने की घटना को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। कार सवार सरबजीत के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। घटना के बाद हुई पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाले कारण बताए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सरबजीत ने जानबूझकर अपनी कार विधानसभा परिसर में घुसाई ताकि पुलिस का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर सके। पूछताछ में उसने दावा किया कि उसका भांजा पिछले एक सप्ताह से लापता है और इसी वजह से वह मानसिक रूप से परेशान था। (पढ़े पूरी खबर)
विकसित दिल्ली पर जोर: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने दिल्ली सचिवालय में प्रशासनिक सचिवों और विभागाध्यक्षों के साथ एक अहम समीक्षा बैठक की। इस बैठक में बजट 2026-27 में घोषित प्रमुख योजनाओं की प्रगति, उनके क्रियान्वयन और तय समय-सीमाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि राजधानी को “विकसित दिल्ली” बनाने के लिए योजनाओं पर तेज़ी और प्रभावी ढंग से काम किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी परियोजनाएं तय समय के भीतर पूरी हों, ताकि दिल्ली का स्वरूप बेहतर बने और नागरिकों को इसका सीधा लाभ मिल सके। (पढ़े पूरी खबर)
बिना देखे कार का दरवाजा खोलने से हुआ हादसा: राजधानी दिल्ली में सड़क हादसों को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) ने अहम टिप्पणी की है. कोर्ट ने साफ कहा है कि यदि कोई कार चालक बिना पीछे से आ रहे ट्रैफिक को देखे अचानक दरवाजा खोल देता है और उससे दुर्घटना हो जाती है, तो इसे स्पष्ट रूप से लापरवाही माना जाएगा और इसके लिए चालक ही जिम्मेदार होगा. यह टिप्पणी न्यायमूर्ति जस्टिस अनीस दयाल ने एक मोटर दुर्घटना मामले की सुनवाई के दौरान की. (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज: देश की राजधानी दिल्ली में अप्रैल का महीना इस बार राहत भरा साबित हो रहा है. मंगलवार (7 अप्रैल) सुबह शहर के कई इलाकों में हुई बारिश ने लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत दिलाई. बीते कुछ दिनों से मौसम लगातार बदल रहा है, जिससे वातावरण सुहावना बना हुआ है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आज पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. साथ ही, राजधानी के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है. मौसम विभाग का कहना है कि दिनभर ठंडी हवाएं चलने से तापमान सामान्य से कम बना रहेगा. (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली की अदालत में वकील पर हमला: पूर्वी दिल्ली के कड़कड़डूमा कोर्ट परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक वकील पर नोकिली चीज से हमला कर दिया गया. घटना के बाद कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, हमलावर को मौके पर ही पकड़ लिया गया. गुस्साई भीड़ ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेकर स्थिति को नियंत्रित किया. (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

