लखनऊ. सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के बस ECI रहित कर दें, बाक़ी सब अपने आप हो जाएगा वाले बयान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने करारा तंज कसा है. पंकज चौधरी ने कहा, आजकल समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष जी को संविधान की याद कुछ ज्यादा ही आ रही है, लेकिन अफसोस कि उनकी नीयत में संविधान नहीं, सिर्फ सत्ता का लालच है. हताशा का आलम यह है कि अपनी राजनीतिक जमीन खिसकते देख अब वह राष्ट्र और उसकी गरिमा का मजाक उड़ाने पर उतर आए हैं.

इसे भी पढ़ें- नशे में मौत का खेलः पुल पर चढ़कर युवक ने किया घंटों ड्रामा, फिर गंगा नदी में लगा दी छलांग, जानिए कैसे बची युवक की जान…

आगे पंकज चौधरी ने कहा, अपने गठबंधन की साथी दीदी की बंगाल में हार सामने देख उनकी स्थिति कुछ ऐसी हो गई है कि अब खुद उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ने की हिम्मत तक नहीं जुटा पा रहे. जब चुनाव जीतें तो ‘ईमानदार’ और जब हार जाएं तो ‘चुनाव आयोग’ खराब? राजनीति का यह गिरगिटिया रंग अब पुराना पड़ चुका है.

इसे भी पढ़ें- तुम्हारा हाल भी…शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को मिली जान से मारने की धमकी, जानिए धमकी देने वाले ने ऐसा क्या कहा?

उन्होंने ये भी कहा कि एक तरफ संविधान की दुहाई देना और दूसरी तरफ सुरक्षा बलों व जांच एजेंसियों को नीचा दिखाना यह विरोधाभास साफ बताता है कि इनकी सोच अभी भी अराजकता की है. सपा अध्यक्ष की वर्तमान छटपटाहट देख कर साफ लग रहा है कि उनके पैरों के नीचे से राजनीतिक जमीन पूरी तरह खिसक चुकी है. ‘परिवारवादी सियासत’ के जिस महल में वे बैठे हैं, उसकी नींव अब खिसकती हुई नजर आ रही है. प्रदेश की जनता इनका सफाया करने के लिए तीसरी बार तैयार है.