महासमुंद। जिले में अपराध की घटनाएं दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही हैं। आये दिन हत्या और चाकूबाजी जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। ताजा मामला महासमुंद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत लभरा खुर्द का है, जहां आज सुबह एक कुंए में बोरी में बंद युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई।

ग्रामीणों ने बताया कि विद्युत सब स्टेशन के पीछे स्थित बड़े झाड़ों के जंगल के पास असहनीय बदबू आ रही थी। ग्रामीणों की शिकायत पर सरपंच ने गांव के कोटवार को जंगल की ओर भेजा। कोटवार ने मौके पर जाकर देखा कि सितली नाला नहर से लगे पंप हाउस के कुंए में एक बोरी में कुछ डूबा हुआ था। जब बोरी को खोला गया, तो उसमें अज्ञात युवक का शव मिला।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से शव को कुंए से बाहर निकाला। जांच में पाया गया कि मृतक के चेहरे को पहचान छिपाने के लिए पत्थर से कुचला गया था और शव को बोरी में भरकर पत्थरों से बांधकर कुंए में फेंका गया था।

पुलिस के अनुसार मृत युवक की उम्र लगभग 30-35 वर्ष है और शव 25 से 30 दिन पुराना था। शव पूरी तरह से डी-कम्पोज़ हो चुका था। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की हत्या कब और किसके द्वारा की गई।

पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत होता है और सभी बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी गई है। मृतक की शिनाख्ती के लिए पुलिस और स्थानीय प्रशासन लगे हुए हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H