हिसार/रोहतक। खेल प्रेमियों के लिए एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। देश के दो बड़े दिग्गज खिलाड़ी अर्जुन अवॉर्डी मुक्केबाज स्वीटी बूरा और मशहूर कबड्डी खिलाड़ी दीपक हुड्डा अब आधिकारिक तौर पर एक-दूसरे से अलग हो गए हैं। हिसार कोर्ट में दोनों ने आपसी सहमति से तलाक के कागजों पर साइन कर दिए हैं, जिसके साथ ही पिछले एक साल से चल रहा हाई-प्रोफाइल विवाद अब खत्म हो गया है।
2022 में हुई थी पावर कपल की शादी, 3 साल में ही आई दरार
बता दें कि स्वीटी और दीपक की शादी साल 2022 में बड़े धूमधाम से हुई थी। मैदान पर जीत के झंडे गाड़ने वाली इस जोड़ी की निजी जिंदगी में फरवरी 2025 से खटास आनी शुरू हुई। मामला इतना बढ़ा कि स्वीटी ने कोर्ट में दो-टूक कह दिया कि अब दीपक के साथ रहना मुमकिन नहीं है। वहीं, दीपक हुड्डा ने इस पूरे फैसले पर फिलहाल चुप्पी साधे रखी है।
मारपीट, दहेज और जान से मारने की कोशिश
दरअसल, यह तलाक सिर्फ आपसी सहमति तक सीमित नहीं था, बल्कि इसके पीछे आरोपों की एक लंबी फेहरिस्त है। मैदानी सूत्रों के मुताबिक, स्वीटी बूरा ने दीपक पर कई संगीन इल्जाम लगाए थे। स्वीटी का आरोप है कि शादी में 1 करोड़ रुपए और फॉर्च्यूनर देने के बावजूद उन्हें कम दहेज के लिए ताने दिए जाते थे। मुक्केबाज ने पति पर मारपीट, पासपोर्ट छीनने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए। यहां तक कि जान से मारने की कोशिश की शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। स्वीटी का कहना है कि ससुराल पक्ष से उन पर बॉक्सिंग छोड़ने और घर के काम करने का दबाव बनाया गया।
दीपक हुड्डा ने भी लगाया था धोखाधड़ी का पलटवार
गौरतलब है कि मामला एकतरफा नहीं था। दीपक हुड्डा ने भी रोहतक में स्वीटी और उनके परिवार पर फ्रॉड की FIR दर्ज कराई थी। दीपक का आरोप था कि, उनके पैसों से खरीदे गए हिसार के प्लॉट को चालाकी से स्वीटी के नाम पर दर्ज कराया गया। स्वीटी के पिता पर लाखों रुपए ठगने और भाई पर घर से 12 लाख रुपए ले जाने का आरोप लगाया।इतना ही नहीं, दीपक ने स्वीटी की बहन पर भी फर्जी चैंपियनशिप के बहाने 9 लाख रुपए हड़पने का दावा किया था।
50 लाख की मांग
अब जब दोनों का रास्ता अलग हो चुका है, तो चर्चा भरण-पोषण की भी है। बता दें कि स्वीटी ने कोर्ट से 50 लाख रुपए एकमुश्त गुजारा भत्ता और 1.50 लाख रुपए मासिक खर्च की मांग की थी। फिलहाल, आपसी सहमति से तलाक होने के बाद अब दोनों खिलाड़ी अपनी जिंदगी की नई पारी शुरू करेंगे, लेकिन इस विवाद ने खेल जगत को हिलाकर रख दिया है।

