अप्रैल का दूसरा सप्ताह शुरू हो चुका है, लेकिन जिले में मौसम अभी भी पूरी तरह स्थिर नहीं हुआ है। सुबह और रात के समय हल्की सर्दी का एहसास बना हुआ है, जबकि दिन चढ़ने के साथ गर्मी तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में मौसम ने दो अलग-अलग रूप दिखाने शुरू कर दिए हैं।
अंबाला। अप्रैल का दूसरा सप्ताह शुरू हो चुका है, लेकिन जिले में मौसम अभी भी पूरी तरह स्थिर नहीं हुआ है। सुबह और रात के समय हल्की सर्दी का एहसास बना हुआ है, जबकि दिन चढ़ने के साथ गर्मी तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में मौसम ने दो अलग-अलग रूप दिखाने शुरू कर दिए हैं।
सुबह और शाम के समय ठंडी हवाएं लोगों को सर्दियों की याद दिला रही हैं, जिससे कई लोग अभी भी हल्के गर्म कपड़ों का इस्तेमाल कर रहे हैं। वहीं दोपहर में तेज धूप के कारण तापमान बढ़ जाता है और गर्मी महसूस होने लगती है। इस बदलते मौसम का असर लोगों की दिनचर्या और सेहत पर भी साफ दिखाई दे रहा है।
शुक्रवार की सुबह ठंड का असर इतना था कि बिना गर्म कपड़ों के बाहर निकलना मुश्किल हो गया। हल्की ठंडी हवा ने सर्दी जैसा अहसास कराया। जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ा, तापमान में तेजी आई और दोपहर तक यह करीब 30.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से लगभग तीन डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा नीचे है।
सेहत पर असर
मौसम के इस उतार-चढ़ाव का असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। सुबह-शाम की ठंड और दिन की गर्मी के कारण सर्दी, जुकाम, बुखार और वायरल संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। डॉक्टरों ने लोगों को सलाह दी है कि वे मौसम के अनुसार कपड़े पहनें और सावधानी बरतें।
मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। आसमान ज्यादातर साफ रहेगा, हालांकि बीच-बीच में हल्के बादल दिखाई दे सकते हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 32 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।
किसानों को राहत
इस मौसम का सबसे बड़ा फायदा किसानों को मिल रहा है। गेहूं की फसल पक चुकी है और कटाई का काम तेजी से चल रहा है। बारिश न होने से किसानों को राहत मिली है और वे बिना किसी बाधा के फसल की कटाई कर पा रहे हैं। नमी का स्तर भी घटकर सुबह 54 प्रतिशत और शाम को 34 प्रतिशत तक पहुंच गया है, जिससे मौसम शुष्क बना हुआ है और कामकाज में आसानी हो रही है।

