कृष्ण कुमार मिश्र, जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के दक्षिण पट्टी गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि महिला का शव सोमवार सुबह घर के अंदर मिला, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतका की पहचान 27 वर्षीय प्रिया गौतम, पत्नी अजीत कुमार गौतम के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सुबह करीब छह बजे जब घर के लोगों ने उन्हें अचेत अवस्था में देखा, तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी।

सात साल पहले हुआ था विवाह

घटना की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। आशंका जताई जा रही है कि विवाहिता ने किसी विषैले पदार्थ का सेवन किया हो, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रिया गौतम का विवाह लगभग सात वर्ष पूर्व हुआ था और वह एक बच्चे की मां थीं। उनका मायका बदलापुर थाना क्षेत्र के सुगौली खुर्द गांव में बताया गया है।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

READ MORE: UP IPS Transfer: यूपी पुलिस में बड़ा फेरबदल, तीन IPS अफसरों का तबादला, जानें कौन कहां हुआ तैनात

पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग अलग-अलग कयास लगा रहे हैं।