Sports News Update : Sports News Update : छत्तीसगढ़ के नंबर वन न्यूज़ पोर्टल lalluram.com पर पढ़िए खेल जगत की हर बड़ी और अहम खबर. देश और प्रदेश में बीते दिन मैदान पर क्या रहा खास, किन टीमों ने दर्ज की जीत और किन खिलाड़ियों ने बटोरी सुर्खियां, साथ ही आज होने वाले मुकाबलों और खेल गतिविधियों पर एक नजर. पेश है स्पोर्ट्स की दिनभर की प्रमुख अपडेट.

आईपीएल 2026 में सुपर संडे पर सीजन के चौथे डबल हेडर में दो धमाकेदार मुकाबले देखने को मिलेंगे. दोपहर के मुकाबले में 3:30 बजे से लखनऊ सुपर जायंट्स और गुजरात टाइटंस की भिड़ंत होगी. वहीं, वानखेड़े में शाम 7:30 बजे से पांच बार की विजेता मुंबई इंडियंस और डिफेंडिंग चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की हाई-प्रोफाइल टक्कर देखने को मिलेगी. इस मैच में भारतीय क्रिकेट के दो सितारे रोहित शर्मा और विराट कोहली आमने-सामने होंगे. विराट तीन पारियों में 179.16 की स्ट्राइक रेट से 129 रन बना चुके हैं. वहीं, रोहित 168.57 की स्ट्राइक रेट से 118 रन जड़ चुके हैं. इस मुकाबले में दोनों टीमों की कोशिश जीत की पटरी पर वापस लौटने की होगी. दर्शक जियो-स्टार नेटवर्क पर लाइव प्रसारण देख सकेंगे. दिन के पहले मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स और गुजरात टाइटंस की भिड़ंत इकाना स्टेडियम में होगी. दोनों अपने पिछले मुकाबले अंतिम गेंद पर जीतकर आ रही हैं.

CSK ने खोला जीत का खाता

आईपीएल में शनिवार को खेले गए डबल हेडर के दूसरे मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) की टीम को 23 रन से हराया. चेन्नई के ऐतिहासिक एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में खेले गए इस मुकाबले में DC के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था. पढ़ें पूरी खबर : CSK vs DC IPL 2026 : चेन्नई ने दिल्ली को 23 रन से हराया, सैमसन ने जड़ा शतक, ओवर्टन ने झटके 4 विकेट

PBKS ने SRH को 6 विकेट से हराया

आईपीएल में आज डबल हेडर के पहले और सीजन के 17वें मुकाबले में पंजाब किंग्स (PBKS) ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 6 विकेट से हरा दिया. न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था. पढ़ें पूरी खबर : PBKS vs SRH IPL 2026: हाई स्कोरिंग मुकाबले में पंजाब ने हैदराबाद को 6 विकेट से दी शिकस्त, प्रियांश-प्रभसिमरन और कप्तान श्रेयस ने जड़े अर्धशतक

एशियाई बैडमिंटन में 61 वर्ष बाद फाइनल खेलेगा भारत

भारत के उभरते शटलर आयुष शेट्टी ने विश्व नंबर-1 थाईलैंड के कुनलावुत विटिडसर्न को 10-21, 21-19, 21-17 से हराकर एशियाई बैडमिंटन चैंपियनशिप में इतिहास रच दिया. 20 वर्षीय आयुष 61 साल बाद इस टूर्नामेंट के पुरुष एकल फाइनल में पहुंचने वाले पहले भारतीय बने. 1965 में दिनेश खन्ना ने भारत को यहां पहला स्वर्ण दिलाया था. अब आयुष भारत को इस वर्ग में दूसरा स्वर्ण दिलाने से एक जीत दूर हैं. विश्व नंबर-25 भारतीय सितारे ने सेमीफाइनल में कमाल की वापसी की. पहले गेम में 10-21 से पिछड़ने के बाद उन्होंने अगले दो गेम 21-19 और 21-17 से जीते और एक घंटे 15 मिनट में फाइनल में प्रवेश किया. इससे उन्होंने रजत पदक पक्का कर लिया. फाइनल में उनकी भिड़ंत चीन के शी यु की से होगी. यह वही चीनी खिलाड़ी हैं, जिन्होंने ऑल इंग्लैंड ओपन में लक्ष्य सेन से खिताब छीना था. शी यु की ने पिछली दोनों भिड़ंतों में आयुष को हराया है. अब आयुष के पास बदला लेने का मौका है.

इस महीने कोई मैच नहीं जीत सका रियल

स्पेनिश फुटबॉल लीग ला लिगा में रियल मैड्रिड का खराब फॉर्म जारी है. गिरोना के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ के साथ ही रियल की खिताबी रेस को बड़ा झटका लगा है. इस नतीजे के बाद बार्सिलोना की बढ़त और मजबूत हो गई है. रियल ला लिगा में 70 अंक लेकर दूसरे नंबर पर है जबकि बार्सिलोना 76 अंक के साथ टॉप पर है. अप्रैल के महीने में रियल मैड्रिड ने तीन मैच खेले हैं और अब तक एक भी जीत दर्ज नहीं कर सका है.

भारत की युवा टेबल टेनिस टीम ने जीते 13 स्वर्ण पदक

भारतीय युवा टेबल टेनिस खिलाड़ियों ने दक्षिण एशियाई युवा टेटे चैंपियनशिप में 13 स्वर्ण पदक जीते. यह टूर्नामेंट एशियाई युवा चैंपियनशिप के लिए क्वालिफायर था. अंडर-19 बालक एकल के फाइनल में प्रियानुज भट्टाचार्य ने हमवतन पुनित बिस्वास को 3-1 से हराया. युगल में एमआर बालामुरुगन और मेहन सेंथिल ने बांग्लादेश की जोड़ी को हराकर खिताब जीता. अंडर-15 बालक एकल में आदित्य दास ने अक्षय किरिकारा को हराया. युगल वर्ग में रिशान और आकाश राजवेलु भी जीते. बालिका वर्ग में जेनिफर वर्गीज ने अंडर-19 फाइनल में अनन्या मुरलीधरन को हराया, जबकि अंडर-15 में अंकोलिका चक्रबर्ती ने आहोना को मात दी.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H