कुंदन कुमार, पटना। बिहार के नए सीएम सम्राट चौधरी को फोन पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस संबंध में मुंगेर जिले के संग्रामपुर पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 351(2), 351(3), 351(4), 352, 353, 224 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

बांका का रहने वाला है आरोपी

इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेखर यादव (32), पिता कृष्णा यादव के रूप में हुई है। शेखर यादव मूल रूप से बिहार के बांका जिले के खेरौधा गांव का रहने वाला है, जो वर्तमान में अहमदाबाद में रह रहा है। वहां पर वह एक थार ड्रायपोर्ट कंपनी में काम करता है।

अहमदाबाद की साणंद पुलिस ने किया गिरफ्तार

मामले में नायब पुलिस अधीक्षक निलम गोस्वामी, साणंद विभाग ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए थे। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए साणंद पुलिस स्टेशन के पुलिस इंस्पेक्टर बी.टी. गोहिल ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में लगातार बिहार राज्य के पुलिस अधिकारियों के संपर्क में रहकर सर्विलांस स्टाफ को आरोपी के मोबाइल नंबर के आधार पर तुरंत पकड़ने हेतु आवश्यक निर्देश दिए।

बिहार लाया जा रहा है आरोपी

सर्विलांस टीम ने तकनीकी स्रोतों तथा ह्यूमन सोर्स की सहायता से बिहार राज्य के नव नियुक्त मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को जान से मारने की धमकी देने वाले व्यक्ति को साणंद-कड़ी रोड से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसने अपराध स्वीकार कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर राउंड-अप करके बिहार पुलिस को सौंप दिया गया है। अब बिहार पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।

ये भी पढ़ें-