40 दिन बाद होर्मुज जलडमरूमध्य पूरी तरह से खुल गया है. ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने इसकी घोषणा की है. अराघची ने कहा कि अब सभी जहाज आराम से होर्मुज से गुजर सकेंगे. उन्होंने कहा कि लेबनान में हुए सीजफायर को देखते हुए यह फैसला लिया गया है. अमेरिकी हमले को कुंद करने के लिए 6 मार्च को ईरान ने होर्मुज को ब्लॉक कर दिया था. एक सोशल पोस्ट में विदेश मंत्री अराघची ने कहा- जब तक अस्थाई सीजफायर है, तब तक होर्मुज से सभी वाणिज्यिक जहाज आसानी से गुजर सकेंगे. सभी जहाज ईरान के इस्लामी गणराज्य के बंदरगाह और समुद्री संगठन द्वारा पहले से घोषित समन्वित मार्ग से होकर गुजर सकेंगे.

बता दें कि, इजरायल और लेबनान गुरुवार को पूर्वी समयानुसार शाम 5 बजे से शुरू होने वाले 10 दिनों के युद्धविराम पर सहमत हुए हैं। ईरान समर्थित आतंकवादी समूह हिजबुल्लाह के खिलाफ इजरायल का सैन्य अभियान अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता में एक अहम मुद्दा रहा है,

ट्रंप का आया पोस्ट, कहा- धन्यवाद

ईरानी विदेश मंत्री सैयद अब्बास अरघची के होर्मुज खोलने के ऐलान के साथ ही राष्ट्रपति ट्रंप का पोस्ट सामने आ गया. उन्होंने ईरानी को इस फैसले के लिए धन्यवाद कहा है. इसी खबर के साथ कच्चे तेल के दाम घटने की खबर भी सामने आ रही है. खास बात ये है कि ईरान के इस फैसले के साथ अब उसकी अमेरिका के साथ युद्ध विराम पर बातचीत हो सकती है.

ईरान ने क्यों लिया होर्मुज खोलने का फैसला?

  1. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2 दिन पहले होर्मुज से नाकाबंदी हटाने की घोषणा की थी. ट्रंप ने एक इंटरव्यू में कहा कि चीन से मेरी बात हुई है. हम नाकाबंदी हटाएंगे. ईरान ने होर्मुज को लेकर हमारी बात मान ली है. चीन ने भी हमारी बात मान ली है.
  2. ईरान पर सीजफायर को आगे बढ़ाने के लिए होर्मुज खोलने का दबाव था. अमेरिका का कहना था कि सीजफायर पर बात तभी बढ़ेगी, जब तक ईरान होर्मुज नहीं खोलेगा. समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि ईरान और अमेरिका के बीच सीजफायर को आगे बढ़ाने की सहमति बन गई है. इसी कवायद के तहत होर्मुज को खोला गया है.
  3. ईरान पर होर्मुज खोलने का दबाव था. होर्मुज को खुलवाने को लेकर पेरिस में 40 देशों की एक मीटिंग प्रस्तावित है. इस मीटिंग में फ्रांस-ब्रिटेन जैसे देशों के नेता शामिल होंगे. ईरान वर्तमान में एक साथ इतने देशों से दुश्मनी मोल नहीं ले सकता है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m