अनमोल मिश्रा, सतना। सतना जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उचेहरा में शुक्रवार की देर रात भर्ती सनकी मरीज द्वारा कट्टे से फायर कर दहशत फैला दी गई। आरोपी ने सिर्फ इसलिए गोली चला दी क्योंकि की ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने उसे बेड पर बैठकर शराब पीने से रोक दिया। बताया गया है कि कमजोरी की वजह से वार्ड में भर्ती था। फिलहाल वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार कोठी रमपुरवा थाना उचेहरा निवासी शिवम द्विवेदी 23 वर्ष पिछले 2 दिन से कमजोरी महसूस होने पर डॉक्टर की सलाह पर अस्पताल के मेडिकल वार्ड में भर्ती किया गया था। रात लगभग 12.30 बजे वार्ड के स्टॉफ ने शिवम को बेड पर ही शराब पीते देखा तो ड्यूटी डॉक्टर दीपक पांडेय को जानकारी दी। मौके पर पहुंचकर ड्यूटी डॉक्टर ने मरीज से अस्पताल में शराब पीने पर आपत्ति जताई और उसे ऐसा करने से मना किया। इस मामले का एक वीडियो भी सामने आया है। उधर, डॉक्टर की चेतावनी से नाराज मरीज शिवम डॉक्टर और वार्ड ब्वॉय के साथ गाली गलौज करने लगा। इसी बीच डॉक्टर दीपक पांडेय वहां से जाने लगे तो शिवम भी अस्पताल के बाहर पहुंचा और बाइक स्टार्ट कर कट्टे से फायर कर फरार हो गया। 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस फायरिंग में ड्यूटी डॉक्टर दीपक पांडेय बाल बाल बच गए। कट्टे से जानलेवा फायर करने की घटना के बाद घबराए डॉक्टर ने फौरन डायल 112 को सूचना दी। मौके पर जब तक पुलिस टीम पहुंची आरोपी फरार हो चुका था। रात में ही घटनाक्रम से बीएमओ को भी अवगत कराया गया। घटना के बाद से अस्पताल में भर्ती मरीजों में दहशत का माहौल है। घटना के संबंध में कोई भी कुछ भी बताने को तैयार नहीं है। बीएमओ डॉक्टर ए के राय ने बताया कि शिवम को दो दिन पहले भर्ती किया गया था। लेकिन वह बोतल चढ़वाने के बाद घर चला जाता था। शुक्रवार को भी शिवम रात अस्पताल आया और वार्ड में बोतल चढ़वाने के बाद बेड पर बैठ कर शराब पीने लगा। अस्पताल स्टाफ से घटना की जानकारी होने पर शनिवार को टीआई उचेहरा सतीश मिश्रा को अस्पताल प्रबंधन की ओर से शिकायत दी गई है। पुलिस फिलहाल घटना की जांच के साथ आरोपी की धर पकड़ के प्रयास कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m