Bihar Top News Today 19 april 2026: बिहार (BIHAR) में आज 19 अप्रैल को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
बाबा बैद्यनाथ में CM सम्राट ने की पूजा
पटना। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को देवघर स्थित द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक, बाबा बैद्यनाथ मंदिर में मत्था टेका। उन्होंने यहां विधि-विधान के साथ बाबा का रुद्राभिषेक किया और राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की। सम्राट चौधरी के साथ उनके सलाहकार दीपक कुमार भी इस धार्मिक यात्रा में मौजूद रहे। मंदिर के तीर्थ पुरोहितों ने मंत्रोच्चारण के साथ करीब एक घंटे तक रुद्राभिषेक संपन्न कराया। इस दौरान बाबा धाम परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा हो गई और लोग उपमुख्यमंत्री की झलक पाने के लिए उत्साहित दिखे। पूजा के बाद पत्रकारों से संक्षिप्त बातचीत में उन्होंने कहा, मैं बाबा के दरबार में बिहार की प्रगति, उन्नति और जन-कल्याण की प्रार्थना करने आया हूं।
निशांत जल्द करेंगे बिहार का दौरा
पटना। बिहार की राजनीति में इन दिनों एक नया और प्रभावशाली चेहरा चर्चा का केंद्र बना हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार अब सक्रिय रूप से पार्टी की मजबूती के लिए मैदान में उतर चुके हैं। पिछले कुछ दिनों से निशांत लगातार पार्टी कार्यालय पहुंच रहे हैं और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर रहे हैं। उनके इस बदले हुए तेवर ने सियासी गलियारों में नई हलचल पैदा कर दी है।
निशांत कुमार ने केवल कार्यालय तक सीमित न रहने का संकेत देते हुए घोषणा की कि वे जल्द ही बिहार का दौरा शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि वे सीधे जनता के बीच जाएंगे, उनकी समस्याओं को सुनेंगे और सरकार की उपलब्धियों को उन तक पहुंचाएंगे। दौरे की विस्तृत रूपरेखा और तारीखों की जानकारी वे बहुत जल्द साझा करेंगे। निशांत की यह सक्रियता संकेत दे रही है कि वे भविष्य में संगठन के भीतर एक बड़ी भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
CM बोले- विपक्ष ने नारी शक्ति का अपमान किया
पटना। शहर के भाजपा कार्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने महिला आरक्षण बिल को लेकर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि विपक्षी पार्टियों ने इस ऐतिहासिक बिल का विरोध कर देश की नारी शक्ति का अपमान किया है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और आरजेडी को ‘महिला विरोधी’ करार देते हुए जनता के बीच उनकी पोल खोलने का संकल्प लिया।
यादवों के मोहल्ले में चिराग का गाना नहीं बजेगा
वैशाली। बिहार की राजनीति का असर अब शादियों के डीजे तक पहुंच गया है। वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कथौलिया बांध इलाके में एक शादी की खुशियां उस वक्त चीख-पुकार में बदल गईं, जब दो समुदायों के बीच गाने को लेकर हिंसक झड़प हो गई। पासवान और यादव समुदाय के बीच हुई इस पत्थरबाजी में कई लोग घायल हुए हैं, जबकि दूल्हे की मां के साथ बदसलूकी और लूटपाट का भी आरोप है। घटना उस वक्त शुरू हुई जब पासवान मोहल्ले के निवासी पिंटू कुमार की बारात समस्तीपुर के लिए रवाना होने वाली थी। हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार ‘बिलौकी’ की रस्म चल रही थी और डीजे पर चिराग पासवान की प्रशंसा वाला गाना- ‘तोर मजनुआ हकौ चिराग भईया के फैन गे पगली’ बज रहा था। जैसे ही बारात यादव बहुल इलाके से गुजरी, वहां के स्थानीय लोगों ने संगीत का विरोध करते हुए उसे तुरंत बंद करने को कहा।
रिटायर्ड कर्मी से लाखों की डिजिटल ठगी
मुजफ्फरपुर। 70 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्मचारी हरेंद्र कुमार के लिए 26 मार्च की वह सुबह किसी काल बनकर आई। एक व्हाट्सएप कॉल ने न केवल उनके जीवन भर की जमा-पूंजी छीन ली, बल्कि उन्हें और उनकी पत्नी को ऐसे मानसिक खौफ में धकेल दिया जिससे वे आज भी उबर नहीं पा रहे हैं। साइबर अपराधियों ने खुद को एटीएस (ATS) अधिकारी बताकर उन्हें 15 दिनों तक उनके ही घर में ‘डिजिटल अरेस्ट’ रखा और 18.85 लाख रुपए ठग लिए।
गंगा में डूबने से 2 की मौत
भागलपुर। जिले के कहलगांव में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जहां गंगा की लहरों के बीच घूमने आए दो दोस्तों की डूबने से मौत हो गई। यह घटना कहलगांव के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ‘तीन पहाड़ी’ के समीप स्थित एक टापू पर घटी। मृतकों की पहचान मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर निवासी रौनक कुमार और शिवम राज के रूप में हुई है।
बिहार में फिर से शुरू हुआ बुलडोजर एक्शन
पटना। राजधानी पटना में प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। कुर्जी इलाके में गेट नंबर 79 से लेकर गेट नंबर 83 तक अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन द्वारा बुलडोजर एक्शन चलाया जा रहा है। वहीं, अवैध निर्माणों को हटाने का काम किया जा रहा है। जिला प्रशासन के आदेश के बाद शुरू हुई इस कार्रवाई में करीब 35 मकानों को चिन्हित किया गया है, जिन्हें ध्वस्त किया जा रहा है।
प्रेमिका के साथ बदसलूकी का VIDEO वायरल
जमुई। जिले के मलयपुर थाना क्षेत्र के कटौना जंगल के पास गुरुवार को एक प्रेमी जोड़े को ग्रामीणों द्वारा पकड़े जाने का मामला सामने आया है। घटना का एक 13 सेकंड का वीडियो शनिवार से सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लड़की के साथ कुछ लोगों द्वारा अभद्र व्यवहार करते हुए देखा जा सकता है।
जानें कब होगा कैबिनेट का विस्तार
Bihar Cabinet Expansion: नए सीएम सम्राट चौधरी के प्रस्तावित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर बिहार में सियासी चर्चाओं का माहौल गर्म है। पूर्व सीएम नीतीश कुमार के इस्तीफा देने और सम्राट चौधरी के सीएम बनने पर राज्य की राजनीतिक दिशा में बड़े बदलाव देखने के संकेत मिल रहे हैं, जिसके तहत नई टीम के गठन की तैयारियां भी जोरों पर है। गौरतलब है कि फिलहाल बिहार की वर्तमान सरकार मुख्यमंत्री और दो डिप्टी सीएम के साथ काम कर रही है, हालांकि जल्द ही कैबिनेट विस्तार होनेके साथ ही सरकार मूर्त रूप से काम करती हुई दिखेगी। सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार, 5 मई 2026 के बाद बिहार में मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। दरअसल 4 मई को पश्चिम बंगाल समेत 5 राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनावों का परिणाम आना है। माना जा रहा है कि इसके तुरंत बाद ही प्रदेश में मंत्रिमंडल का विस्तार हो जाएगा। इस बार मंत्रिमंडल में भी बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है। सीएम सम्राट के कैबिनेट में कुछ नए चेहरों को जगह मिल सकती है। वहीं, कुछ मंत्रियों की विदाई भी हो सकती है।
बिहार पैक्स चुनाव कल
पटना। बिहार के 29 जिलों में सहकारिता के सबसे निचले स्तर यानी प्राथमिक कृषि साख समितियों (PACS) के चुनाव की रणभेरी बज चुकी है। सोमवार, 20 अप्रैल को 363 पैक्सों के अध्यक्ष और प्रबंध समिति के सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान होगा। राज्य निर्वाचन प्राधिकार ने चुनाव को लेकर सभी सुरक्षात्मक और प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली हैं, ताकि प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी बनी रहे।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

