भागलपुर। जिले में प्यार का एक जुनून भरा चेहरा सामने आया है, जहां एक सिरफिरे आशिक ने अपनी प्रेमिका को पाने के लिए मौत की छलांग लगाने की धमकी दे डाली। सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के शिवनंदनपुर गांव में रविवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब ग्रामीणों ने एक 22 वर्षीय युवक को ऊंचे हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ा हुआ देखा। यह ड्रामा करीब 7 घंटे तक चला, जिससे पुलिस और स्थानीय प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए।
पश्चिम बंगाल की लड़की से था अफेयर
टावर पर चढ़े युवक की पहचान पूर्णिया निवासी अरुण कुमार के रूप में हुई है, जो सुल्तानगंज में बिजली मिस्त्री का काम करता है। जानकारी के अनुसार, अरुण का पश्चिम बंगाल की एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। विवाद तब शुरू हुआ जब उसे पता चला कि उसकी प्रेमिका की शादी कहीं और तय हो गई है। इस खबर से आहत होकर वह रविवार अहले सुबह करीब 4:00 बजे टावर पर जा चढ़ा और अपनी प्रेमिका को मौके पर बुलाने की जिद करने लगा।
7 घंटे तक सांसें रही अटकीं, पुलिस ने की मशक्कत
स्थानीय निवासी मनीष कुमार यादव ने सबसे पहले युवक को टावर पर देखा, जिसके बाद धीरे-धीरे भीड़ जुटने लगी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने घंटों तक युवक को बहलाने-फुसलाने की कोशिश की, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं था। वह चिल्ला-चिल्लाकर बस एक ही मांग कर रहा था मेरी गर्लफ्रेंड को बुला दो। अंततः करीब 7 घंटे की कड़ी मशक्कत और मान-मनौव्वल के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा जा सका। फिलहाल पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बिहार में टावर मैन बनने का चलन
हैरानी की बात यह है कि भागलपुर में पिछले दो दिनों में यह ऐसी दूसरी घटना है। इससे पहले गुरुवार को जगदीशपुर में भी एक युवक शादी की जिद में टावर पर चढ़ा था। बिहार में पिछले 43 दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो यह 12वां मामला है जब प्रेमी या प्रेमिका अपनी मांगों को मनवाने के लिए टावर पर चढ़े हैं।
प्रमुख घटनाएं:
- मार्च: गोपालगंज और वैशाली में प्रेमी-प्रेमिकाओं ने टावर को विरोध का जरिया बनाया।
- अप्रैल: मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, सीवान और भोजपुर सहित कई जिलों में करीब 10 ऐसी घटनाएं हुईं, जहां मोबाइल या बिजली टावर पर चढ़कर शादी की जिद की गई।
- यह बढ़ता ट्रेंड पुलिस और प्रशासन के लिए सिरदर्द बन गया है, जहां निजी रिश्तों के तनाव को सार्वजनिक स्टंट में तब्दील किया जा रहा है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

