Bihar Weather Today: बिहार में अप्रैल महीने में ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में तेज चिलचिलाती धूप और गर्म हवाएं लोगों के पसीने छुड़ा रही है। मौसम विभाग की माने तो अगले तीन दिनों तक लोगों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है। कई जगहों पर तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान जताया गया है, जिससे लोगो को लगातार बढ़ती तपिश महसूस होगी।

कई शहरों में 40 के पार पहुंचा पारा

हालात ऐसे हैं कि दोपहर के समय लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। कल रविवार की बात करे तो राज्य के 10 शहरों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे दिनभर तेज धूप और लू जैसे हालात बने रहे। सबसे ज्यादा तापमान रोहतास के डेहरी में 43.0°C दर्ज किया गया, जबकि भभुआ, गया और बक्सर जैसे शहर का तापमान 42 डिग्री के आसपास रहा। इसके अलावा डुमरांव, औरंगाबाद, राजगीर, अरवल, शेखपुरा और जहानाबाद में भी पारा 40 डिग्री से ऊपर रहा, जिससे आम जनजीवन पर खासा असर पड़ा।

23 को कई जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट

इस झुलसती गर्मी के बीच राहत की खबर यह है कि मौसम विभाग ने 23 अप्रैल से उत्तर बिहार के कई जिलों में बारिश और आंधी-पानी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे इन इलाके (मोतिहारी, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज और पूर्णिया) के लोगों को पड़ रही भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। जबकि 24 अप्रैल से दक्षिण-पूर्व बिहार के 5 जिलों में बारिश होने का अनुमान जताया गया है। वहीं, राजधानी पटना की बात करे तो अगले एक हफ्ते तक पटना में बारिश के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं, ऐसे में राजधानीवासियों को भीषण गर्मी से झुलसना पड़ सकता है।

6 डिग्री तक बढ़ सकता है तापमान

मौसम विभाग के अनुसार अगले 3 दिनों में राज्य का तापमान 6 डिग्री तक बढ़ सकता है। विभाग ने इस दौरान दक्षिण और मध्य बिहार में लू चलने की आशंका जताई है। वहीं, पछुआ हवा चलने के कारण दोपहर के समय पड़ने वाली तीखी धूप से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। इसका असर आम जनजीवन के साथ-साथ खेती पर भी पड़ सकता है।

बेवजह बाहर निकलने से बचने की सलाह

बढ़ते तापमान को देखते हुए डॉक्टरों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर दोपहर 12 से 3 बजे तक बच्चों और बुजर्गों को बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। इस दौरान शरीर में पानी की कमी को पूरा करने के लिए समय-समय पर नींबू-पानी और ओआरएस का सेवन करने को कहा गया है। वहीं, बाहर निकलते समय सिर पर कपड़ा या फिर छाता लेकर निकलने की सलाह दी गई है।

ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: भाजपा महिला मोर्चा का आक्रोश मार्च, कांग्रेस कार्यालय में PC, जदयू की बैठक