Bihar Politics: बिहार में नई सरकार बनने के बाद पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने आज सोमवार (20 अप्रैल) जदयू विधायकों की एक बड़ी बैठक बुलाई है। यह बैठक नीतीश के आवास 7 सर्कुलर रोड पर दोपहर 1 बजे होगी। इस बैठक में पार्टी के सभी विधायकों के मौजूद रहने की संभावना है। जदयू की इस बैठक में विधायक दल के नेता का चुनाव होना है। बता दें कि जदयू की यह बैठक बीते 14 अप्रैल को होने वाली थी, जिसे अंत समय में टाल दिया गया था।

विजय चौधरी हो सकते हैं विधायक दल के नेता

मिली जानकारी के मुताबिक, डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी को विधायक दल का नेता चुना जा सकता है। मौजूदा सरकार में उन्हें जदयू की तरफ से नंबर-2 की भूमिका दी गई है, जिससे उनकी दावेदारी मजबूत नजर आ रही है। गौरतलब है कि नीतीश कुमार के सीएम पद से इस्तीफा देने और राज्यसभा जाने के बाद जदयू में विधायक दल के नेता का पद खाली हुआ है। जदयू की यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है।

बिहार यात्रा पर निकल सकते हैं निशांत

बैठक में नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के पहुंचने की संभावना कम है। दरअसल निशांत कुमार अभी किसी भी प्रकार से सरकार या बैठक में शामिल नहीं होना चाहते हैं। हालांकि इस बीच वह लगातार पार्टी कार्यालय में पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर रहे हैं। कल रविवार को भी उन्होंने जदयू कार्यालय में पार्टी नेताओं के साथ बैठक की थी।

​बैठक के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान निशांत कुमार ने कहा कि, मैं बिहार की जनता को यह विश्वास दिलाना चाहता हूं कि पिताजी (नीतीश कुमार) ने राज्य के विकास के लिए जो खाका खींचा है और जो कार्य शुरू किए हैं, वे कहीं भी नहीं रुकेंगे। इसके अवाला उन्होंने कहा कि, वे खुद सीधे जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनेंगे और सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों को उनतक पहुंचाएंगे। निशांत के इस बयान से यह स्प्ष्ट है कि अगले कुछ दिनों में वह पिता नीतीश कुमार के नक्शे कदम पर बिहार यात्रा पर निकल सकते हैं।

डिप्टी सीएम पद लेने से किया इंकार

गौरतलब है कि प्रदेश में नई सरकार का गठन होने से पहले यह चर्चा थी की नीतीश कुमार के इस्तीफा देने के बाद जदयू से निशांत कुमार डिप्टी सीएम बन सकते हैं। हालांकि उन्होंने खुद इससे इंकार करते हुए पार्टी के लिए काम करने की बात कही थी। जदयू के कई सीनियर नेता और विधायक ने उन्हें डिप्टी सीएम बनने के लिए काफी मनाया भी, लेकिन उन्होंने इससे इंकार कर दिया, जिसके बाद जदयू से विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। वहीं, आज जदयू की होने वाली बैठक में डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी को विधायक दल का नेता चुना जा सकता है।

ये भी पढ़ें- ‘सम्राट के CM बनते ही अपराधियों की मौज’, ज्वेलरी शॉप से दिनदहाड़े 20 लाख की लूट पर तेजस्वी ने कसा तंज