करनाल . करनाल में एक 70 वर्षीय मुस्लिम महिला की फैमिली आईडी में गंभीर त्रुटि सामने आई है, जिसके कारण उसके सरकारी लाभ बंद हो गए हैं। पहचान पत्र में उसके पति का नाम गलत दर्ज होने से उसे राशन और अन्य योजनाओं का फायदा नहीं मिल पा रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।

गलती ठीक करवाने लगा चुकी हैं सरकारी दफ्तरों के चक्कर
पीड़िता रहीसा ने बताया कि उसके पति नसीर का करीब 20 साल पहले निधन हो चुका है, लेकिन फैमिली आईडी में उनके स्थान पर ‘रणधीर’ नाम दर्ज है। रहीसा का कहना है कि वह इस नाम के किसी व्यक्ति को जानती तक नहीं है, फिर भी यह गलती उनके रिकॉर्ड में दर्ज हो गई है।


इस त्रुटि को ठीक करवाने के लिए रहीसा कई सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगा चुकी है। पहले वह एडीसी कार्यालय पहुंची, जहां से उसे बिजली विभाग भेजा गया। वहां से उसे अटल सेवा केंद्र जाने के लिए कहा गया, लेकिन किसी भी जगह उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ।


फैमिली आईडी में सुधार की लगाई गुहार
रहीसा की बेटी सानिया ने भी बताया कि उसने कई जगह नौकरी के लिए आवेदन किया, लेकिन फैमिली आईडी में गड़बड़ी के कारण उसके फॉर्म लगातार रिजेक्ट हो रहे हैं।पीड़िता के अनुसार, इस गलत नाम के कारण उसका राशन कार्ड भी करीब 11 महीने पहले काट दिया गया। उसने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द उसकी फैमिली आईडी में सुधार किया जाए, ताकि उसे दोबारा सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।


वहीं एडीसी डॉ. राहुल रईया ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेकर महिला की समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा।