लखनऊ. योगी कैबिनेट में मंत्री सुभासपा नेता ओम प्रकाश राजभर मंगलवार को बीजेपी की जन आक्रोश महिला पद यात्रा में शामिल हुए. महिला आरक्षण पर विपक्षी दलों के रवैये के विरोध में ये यात्रा निकाली गई. जिसका नेतृत्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया. इस दौरान मीडिया से बातचीत में ओपी राजभार ने सपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा.

राजभर ने कहा कि ‘पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की मंशा रही कि 2029 में महिलाओं को 33 फीसद आरक्षण लागू कर दिया जाए. लेकिन समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के लोगों ने विरोध किया, महिला बिल को पास नहीं होने दिया. भारतीय जनता पार्टी और एनडीए चाहती है कि महिलाओं को आरक्षण मिले और वो देश के विकास में भागीदार बनें और अपने उत्थान के लिए काम करें.’

इसे भी पढ़ें : इधर भी ध्यान दो ‘सरकार’ : ईंधन की कमी, जमकर हो रही कालाबाजारी, अधिवक्ताओं ने CM ने नाम सौंपा ज्ञापन

राजभर ने कहा कि “समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव जब उनकी पत्नी पर एक मौलाना ने अभद्र टिप्पणी की तब वो मूकदर्शक बने, जो अपनी पत्नी के साथ खड़ा नहीं हो सकता वो दूसरी महिलाओं के साथ क्या खड़ा हो सकता है? राजभर ने कहा कि 60 साल तक कांग्रेस की सरकार रही है, कांग्रेस के साथ सपा भी रही और दल भी रहे तब इन्होंने क्यों नहीं किया? आज इनको चिंता सता रही है.

बता दें कि संसद में महिला आरक्षण बिल (Women’s Reservation Bill) गिरने के विरोध में मंगलवार को बीजेपी और एनडीए की महिला कार्यकर्ताओं का आक्रोश लखनऊ की सड़कों पर दिखा. मुख्यमंत्री निवास से विधान भवन तक निकले इस ऐतिहासिक मार्च में लगभग 25 हजार महिलाओं ने भाग लिया. जिसको मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के प्रमुख नेताओं ने संबोधन किया. सीएम योगी ने कहा कि महिलाओं की ये ताकत कांग्रेस और सपाई को एहसास दिला देगी कि उन्होंने कितनी बड़ी गलती की है.