राजकुमार दुबे, कांकेर। जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। लल्लूराम डॉट कॉम की पहल के बाद चार साल से बंद पड़ी MRI मशीन को अब जल्द शुरू किया जाएगा। इसकी जानकारी कलेक्टर निलेश महादेव क्षीरसागर ने दी है।

बता दें कि तत्कालीन कलेक्टर चंदन कुमार ने चार साल पहले यह मशीन मंगाई थी, जो अब तक उपयोग में नहीं आ पाई थी। अब कलेक्टर ने आश्वासन दिया है कि अगले 10 दिनों के भीतर हर हाल में एमआरआई मशीन शुरू कर दी जाएगी। MRI मशीन चालू होने से जिले के मरीजों को इसका लाभ मिलेगा।

दरअसल, आज जिला अस्पताल के नवनिर्मित ट्रॉमा यूनिट का निरीक्षण विधायक आशाराम नेताम और कलेक्टर निलेश महादेव क्षीरसागर ने किया। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। गौरतलब है कि करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बने इस ट्रॉमा यूनिट का तीन दिन पहले प्रभारी मंत्री अरुण साव द्वारा लोकार्पण किया गया था।

निरीक्षण के दौरान ट्रॉमा यूनिट में विद्युत व्यवस्था से जुड़ी कुछ कमियां सामने आईं, जिस पर अधिकारियों ने तुरंत संबंधित विभाग और ठेकेदार को सुधार के निर्देश दिए।

वहीं विधायक आशाराम नेताम ने कहा कि ट्रॉमा यूनिट शुरू होने से जिले के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी और गंभीर मरीजों को बाहर रेफर करने की जरूरत कम पड़ेगी।

MRI मशीन 10 दिनों के भीतर होगी शुरू- कलेक्टर

इस दौरान जब लल्लूराम डॉट कॉम के संवाददाता ने जिला अस्पताल में चार वर्ष पहले आई एमआरआई मशीन के अब तक शुरू नहीं होने का मुद्दा उठाया, तो इस पर अधिकारियों से जानकारी लेने के बाद कलेक्टर निलेश महादेव क्षीरसागर ने कहा कि अगले 10 दिनों के भीतर किसी भी स्थिति में एमआरआई मशीन शुरू कर दी जाएगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H