रविंद्र कुमार भारद्वाज, रायबरेली. मंगलवार को एक शादी पूरे इलाके में सुर्खियों में आ गई. दुल्हन पक्ष बारात का इंतजार करता रहा, लेकिन तय समय पर बारात नहीं पहुंची. बाद में जो सच्चाई सामने आई, उसने पूरे गांव को हैरान कर दिया. लड़की पक्ष के लोगों ने मामले की शिकायत करते हुए लड़के पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है.

इसे भी पढ़ें- सांसें रोक देने वाली रफ्तारः ट्रक ने बाइक को मारी ठोकर, पिता-पुत्र की मौके पर मौत, मंजर देख दहल उठा लोगों का दिल

बता दें कि पूरा मामला जनपद के सरेनी थाना क्षेत्र अंतर्गत रासीगांव का है. स्व. रामकुमार साहू की पुत्री सुमन की शादी उन्नाव जनपद के अजगैन थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर निवासी प्रवेश उर्फ रिंकू पुत्र कैलाश चंद्र के साथ तय हुई थी. शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं. घर मेहमानों से भरा हुआ था और बारात स्वागत की तैयारियां भी मुकम्मल थीं, लेकिन तय समय बीत जाने के बावजूद बारात नहीं आई. जब दुल्हन पक्ष ने वर पक्ष से संपर्क किया तो चौंकाने वाली बात सामने आई कि दूल्हा प्रवेश उर्फ रिंकू पहले ही किसी अन्य लड़की से कोर्ट मैरिज कर चुका है. यह सुनकर खुशी का माहौल गुस्से और मायूसी में बदल गया.

इसे भी पढ़ें- ‘जो अपनी पत्नी के साथ…’ अखिलेश पर बरसे ओपी राजभर, कहा- मूकदर्शक बन गए थे सपा प्रमुख

परिवार के अनुसार तिलक, बरीक्षा और शादी की अन्य तैयारियों में लगभग 10 लाख रुपये खर्च हो चुके थे. दुल्हन पक्ष का आरोप है कि उन्हें पूरी तरह अंधेरे में रखकर रिश्ता तय किया गया और जानबूझकर धोखा दिया गया. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने देर रात दुल्हन को साथ लेकर सरेनी थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित शिकायत दे दी है. पुलिस ने मामले की जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है.