यमुनानगर। जिले के रादौर क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब देर रात भूरेवाला गांव में अज्ञात बदमाशों ने पूर्व सरपंच के घर को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार, बाइक सवार तीन युवक आधी रात के करीब गांव में पहुंचे और अचानक घर पर करीब 12 से 15 राउंड गोलियां चला दीं। लगातार फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।
बाल-बाल बचे परिवार के सदस्य
गनीमत रही कि इस हमले में परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए और कोई जनहानि नहीं हुई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
लगातार हो रही फायरिंग की घटनाओं ने क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और मामले की गहन जांच जारी है।

