जींद। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वीडियो और लाइव के जरिए माहौल बिगाड़ने और बदमाशी फैलाने वाले युवाओं पर अब जींद पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने स्पष्ट कहा है कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सामाजिक संगठनों से की अपील

SP कुलदीप सिंह ने कहा कि फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे माध्यमों पर लाइव आकर या वीडियो बनाकर यदि कोई व्यक्ति समाज में तनाव या गलत माहौल पैदा करने की कोशिश करता है, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी जाए।

उन्होंने खाप पंचायतों और सामाजिक संगठनों से भी अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहें और युवाओं को सही दिशा व अच्छे संस्कार देने में सहयोग करें।

बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखना जरूरी

पुलिस अधीक्षक ने अभिभावकों को भी जिम्मेदारी का अहसास कराते हुए कहा कि बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “गुंडागर्दी में कुछ भी अच्छा नहीं है। जो युवा ऐसे लोगों को अपना आदर्श मान रहे हैं, वे समय रहते सुधर जाएं, अन्यथा कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।”


इसके अलावा उन्होंने फर्जी सांसद और विधायक पास लगाकर वाहनों में घूमने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। साथ ही उन लोगों को भी निशाने पर लिया गया है जो पुलिस सुरक्षा या हथियार लाइसेंस का दुरुपयोग कर सोशल मीडिया पर रील्स और दिखावे में शामिल रहते हैं।


SP ने दो टूक कहा कि सुरक्षा व्यवस्था का गलत इस्तेमाल किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में तुरंत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि सोशल मीडिया पर फैल रही ऐसी गतिविधियों पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध मामले की जानकारी पुलिस को दें।