चौपाटा। हरियाणा और राजस्थान की सीमा से सटे सिरसा जिले के गांव खेड़ी में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक खेत में बनी ढाणी के अंदर पाकिस्तान से जुड़े निशानों वाला एक संदिग्ध गुब्बारा गिरा मिला।
ग्रामीणों के अनुसार, यह गुब्बारा विमान के आकार में था, जिस पर सफेद और हरे रंग के साथ ‘PIA’, पाकिस्तान का नाम और चांद-सितारे का चिन्ह अंकित था। इसे देखकर गांव में दहशत और आशंका का माहौल बन गया।
घटनास्थल पर पहुंची जांच टीम
गांव निवासी जयवीर सिंह शर्मा ने सबसे पहले इस गुब्बारे को देखा और तुरंत कागदाना चौकी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की जांच शुरू की।
ग्रामीण हुए सतर्क
पुलिस ने गुब्बारे को अपने कब्जे में लेकर आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने बताया कि यह हल्का गुब्बारा है, जो संभवतः हवा केबहाव के कारण उड़कर यहां तक पहुंच गया होगा। हालांकि, मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।फिलहाल, गांव में स्थिति सामान्य है, लेकिन घटना को लेकर ग्रामीणों में चर्चा और सतर्कता का माहौल बना हुआ है

