पटना। मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) की तैयारी कर रहे 16 वर्षीय छात्र सौरभ कुमार ने मौत को गले लगा लिया। गया जिले का रहने वाला सौरभ पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र के सालिमपुर स्थित एक फ्लैट में रहकर कोचिंग कर रहा था। मंगलवार देर रात उसका शव कमरे में पंखे से लटका मिला। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें पढ़ाई के दबाव और उम्मीद के मुताबिक परिणाम न आने का दर्द छलक रहा है।
मजबूरी और हताशा का सुसाइड नोट
पुलिस को कमरे से जो सुसाइड नोट मिला है, वह सौरभ की मानसिक स्थिति को बयां करता है। उसने लिखा कि वह सफल होने के लिए रात-रात भर जागकर पढ़ाई करता था, लेकिन इसके बावजूद टेस्ट में उसके अच्छे नंबर नहीं आ रहे थे। अपनी इसी मजबूरी और असफलता के डर के कारण उसने आत्मघाती कदम उठाया। नोट में उसने अपने पिता से माफी भी मांगी है।
भाई कोचिंग गए थे, पीछे से लगा ली फांसी
सौरभ अपने दो चचेरे भाइयों के साथ एक ही फ्लैट में रहता था। मंगलवार दोपहर जब उसके भाई कोचिंग जाने लगे, तो उन्होंने सौरभ को भी साथ चलने को कहा। सौरभ ने तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर जाने से मना कर दिया और कमरे में अकेला रुक गया। शाम करीब 8 बजे जब भाई वापस लौटे, तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक दस्तक देने के बाद जब कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने वेंटिलेटर से झांककर देखा। अंदर सौरभ का शव गमछे के सहारे पंखे से लटक रहा था।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम
सौरभ गया के आमस थाना क्षेत्र अंतर्गत करमाइन बेलदार बिगहा का निवासी था। उसके पिता महेश यादव एक किसान हैं और भूसे का व्यवसाय करते हैं। सौरभ अपने पिता का इकलौता बेटा था, जिससे पूरे परिवार की उम्मीदें जुड़ी थीं। उसके चाचा विजय यादव, जो पूर्व मुखिया रह चुके हैं, ने बताया कि सौरभ कुछ महीने पहले ही डॉक्टर बनने का सपना लेकर पटना आया था। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
गांधी मैदान थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला पढ़ाई के तनाव के कारण आत्महत्या का लग रहा है। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बरामद किया और सुसाइड नोट को कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और कोचिंग संस्थान के अन्य छात्रों से भी पूछताछ की जा सकती है ताकि सौरभ की मनोदशा को बेहतर ढंग से समझा जा सके।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

