दिल्ली में अनधिकृत कॉलोनियों के नियमितीकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए MCD ने बड़ा कदम उठाया है। आज से MCD के स्वागम पोर्टल पर नियमितीकरण प्रमाणपत्र के लिए आवेदन शुरू हो रहे हैं। प्रारंभिक चरण में लगभग 40,000 निवासी आवेदन कर सकेंगे, जिन्हें पहले ही पीएम उदय योजना (PM-UDAY Scheme) के तहत स्वामित्व अधिकार मिल चुके हैं। यह प्रक्रिया उन लोगों के लिए राहत भरी मानी जा रही है, जो लंबे समय से अपनी संपत्तियों के वैध दस्तावेजों का इंतजार कर रहे थे। निगम ने नागरिकों की सुविधा के लिए अपने सभी 12 जोन कार्यालयों में हेल्प डेस्क स्थापित करने का निर्णय लिया है। इन हेल्प डेस्क के माध्यम से लोग नियमितीकरण से जुड़ी जानकारी और मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे।
ऑनलाइन कर सकते हैं ट्रैकिंग
निगम अधिकारियों के अनुसार, स्वागम पोर्टल पर आवेदन करने के बाद नागरिक अपनी संपत्ति के नियमितीकरण की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन ट्रैक कर सकेंगे। इससे आवेदकों को हर चरण की जानकारी घर बैठे मिलती रहेगी। इसके साथ ही, आवेदकों को मोबाइल मैसेज (SMS) अलर्ट सेवा भी उपलब्ध कराई जाएगी। जब उनका नियमितीकरण प्रमाणपत्र जारी होगा, तो इसकी सूचना सीधे उनके मोबाइल पर भेजी जाएगी।
7 साल पहले शुरू हुई थी PM-UDAY Scheme
केंद्र सरकार ने अक्तूबर 2019 में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली (अनधिकृत कॉलोनियों के निवासियों को संपत्ति अधिकारों की मान्यता) विनियम, 2019 को अधिसूचित किया। इसके बाद 29 अक्तूबर 2019 को PM-UDAY Scheme (प्रधानमंत्री अनधिकृत कॉलोनियों में अधिकार योजना) की शुरुआत की गई, जिसका मुख्य उद्देश्य दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को उनके मकानों का कानूनी स्वामित्व अधिकार प्रदान करना है। इस योजना के तहत हजारों निवासियों को अब तक मालिकाना हक मिल चुका है। इसी कड़ी में सरकार ने 7 अप्रैल को 1511 अनधिकृत कॉलोनियों के नियमितीकरण की घोषणा की, जिससे बड़ी संख्या में लोगों को कानूनी राहत मिलने का रास्ता साफ हुआ।
स्वागम पोर्टल को लेकर निगम की कार्ययोजना
नागरिक mcdonline.nic.in/swagam लिंक के जरिए सीधे अपनी संपत्ति के नियमितीकरण के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल है, किसी कार्यालय में फिजिकल सबमिशन की जरूरत नहीं होगी। निगम ने 700 से अधिक पेशेवरों (आर्किटेक्ट/प्लानर आदि) को सूचीबद्ध किया है।
आवेदक चाहें तो इनसे परामर्श लेकर अपने आवेदन को सही तरीके से पूरा कर सकते हैं। आवेदक को PM-UDAY Scheme के तहत ऑनलाइन नियमितीकरण प्रमाणपत्र मिलेगा। यह प्रमाणपत्र निगम के जोन स्तर पर भवन विभाग के कार्यालय द्वारा जारी किया जाएगा। वर्तमान में नियमितीकरण प्रमाणपत्र जारी होने में लगभग 60 दिन लगने की संभावना है। पीएम उदय पोर्टल पर उपलब्ध आवेदक का डेटा ऑटोमैटिकली स्वागम पोर्टल पर ट्रांसफर हो जाएगा, जिससे प्रक्रिया और आसान हो जाएगी।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया
आवेदक एमसीडी स्वागम पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। mcdonline.nic.in/swagam/#/auths/login यहां अपना अकाउंट बनाएं या लॉगिन करें सूची में दी गई 1511 पात्र कॉलोनियों में से अपनी कॉलोनी का चयन करें आवेदन आगे बढ़ाने के लिए अपनी केस आईडी भरें अगर कन्वेयंस डीड/ऑथराइजेशन स्लिप जारी हो चुकी है, तो आवेदन प्रक्रिया जारी रखें पहले PM-UDAY Scheme पोर्टल पर जाकर अपनी स्थिति जांचें और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन है, किसी भी दस्तावेज का फिजिकल सत्यापन नहीं होगा आवेदन के बाद आप अपनी स्थिति पोर्टल पर ट्रैक कर सकते हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

