अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले में आज शुक्रवार (24 अप्रैल) को निगरानी विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी को घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार राजपुर प्रखंड के प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी जनार्दन कुमार 10 हजार रुपए रिश्वत की रकम के साथ गिरफ्तार हुए हैं, जिन्हें निगरानी अग्रिम कार्रवाई के लिए अपने साथ पटना ले गई।

पैक्स गोदाम के सत्यापन के लिए रिश्वत

बताया जाता है कि प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी राजपुर प्रखंड के पैक्स प्रबंधक प्रशांत कुमार से पैक्स गोदाम के सत्यापन के लिए दस हजार रुपए रिश्वत की मांग कर रहे थे। पैक्स प्रबंधक ने जब इसकी शिकायत निगरानी विभाग को की, तो शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी ने इन्हें जाल बिछाकर घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। दरअसल निगरानी की कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा है और लोग इस कदम की सराहना कर रहे हैं।

घर पर भी ली तलाशी

निगरानी डीएसपी के अनुसार राजपूर प्रखंड के प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी जनार्दन कुमार के खिलाफ शिकायत प्राप्त हुई थी। विभाग ने जब शिकायत का सत्यापन किया, तो इसे सही पाया और फिर निगरानी टीम ने पूर्व नियोजित तरीके से जाल बिछाकर भ्रष्टाचार में लिप्त प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी को रिश्वत की रकम के साथ गिरफ्तार कर लिया। हालांकि गिरफ्तारी के पश्चात निगरानी ने जनार्दन कुमार के सासाराम स्थित घर की भी तलाशी ली, लेकिन कुछ नहीं मिला। जिसके बाद इन्हें गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई के लिए पटना ले जाया गया।

ये भी पढ़ें- अतिक्रमण हटाने पहुंची पुलिस टीम पर पथराव, पुलिसकर्मी को बंधक बनाकर पीटने का VIDEO वायरल