वीरेंद्र कुमार/नालंदा। जिले के थरथरी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां खुशियों की उम्मीद लेकर ससुराल पहुंचे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 21 वर्षीय विश्वविजय कुमार की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों का सीधा आरोप है कि यह कोई सामान्य मौत नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है।
गुजरात से लौटा था घर, पत्नी ले गई थी मायके
मृतक विश्वविजय कुमार गुजरात की एक स्पोर्ट्स कंपनी में कार्यरत था और महज छह दिन पहले ही अपने गांव गुलरिया बीघा लौटा था। परिजनों के अनुसार, उसकी पत्नी स्वीटी कुमारी मुंडन संस्कार का बहाना बनाकर उसे जबरन अपने मायके ‘अमेरा खरज्मा’ ले गई। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उसकी आखिरी यात्रा साबित होगी।
आधी रात को आया फोन और अस्पताल के बाहर मिला शव
शुक्रवार की देर रात करीब 12 बजे ससुराल वालों ने विश्वविजय के घर फोन किया। उन्होंने बताया कि उसके मुंह से खून निकल रहा है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है। आनन-फानन में जब परिजन बिहार शरीफ सदर अस्पताल पहुंचे, तो वहां का नजारा देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। विश्वविजय का शव अस्पताल के बाहर लावारिस हालत में पड़ा था। हैरानी की बात यह थी कि उसे अस्पताल लाने वाला ससुराल का कोई भी सदस्य वहां मौजूद नहीं था।
अवैध संबंध और साजिश की आशंका
मृतक के भाई विष्णु कुमार ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि पति-पत्नी के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। उन्होंने दावा किया कि स्वीटी का किसी अन्य युवक के साथ प्रेम-प्रसंग था, जिसके कारण उसने अपने माता-पिता के साथ मिलकर विश्वविजय को रास्ते से हटा दिया। परिजनों का कहना है कि विश्वविजय की गला दबाकर हत्या की गई है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डीएसपी-1 शैलजा ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी, सास और ससुर को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल तीनों से कड़ी पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

