पंकज श्रीवास्तव/सारण/ छपरा। जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां खुशियों भरा माहौल चंद मिनटों में चीख-पुकार में बदल गया। मांझी नगर पंचायत के गोढा गांव में शनिवार को होने वाले तिलक समारोह से ठीक पहले पड़ोसियों के विवाद में वार्ड पार्षद की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।
तिलक की रात पसरा मातम
मृतक की पहचान वार्ड संख्या 9 के पार्षद राजा बाबू ठाकुर (पिता अशोक ठाकुर) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शनिवार को राजा बाबू का तिलक समारोह आयोजित होना था। घर के बाहर टेंट लग चुके थे, मंगल गीत गाए जा रहे थे और रिश्तेदारों का जमावड़ा लगा था। इसी बीच शुक्रवार देर रात करीब नौ बजे मामूली बात पर पड़ोसियों से विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया।
हमले में दो अन्य भाई भी गंभीर रूप से जख्मी
अपराधियों ने वार्ड पार्षद और उनके भाइयों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में राजा बाबू ठाकुर, उनके भाई रितेश ठाकुर और चचेरे भाई मुकेश ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में तीनों को मांझी सीएचसी ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। दुर्भाग्यवश, अस्पताल ले जाने के दौरान रात करीब 11:30 बजे राजा बाबू ठाकुर ने दम तोड़ दिया। अन्य दोनों भाइयों का इलाज फिलहाल सदर अस्पताल में चल रहा है।
मौके पर पहुंचे एसएसपी
घटना की गंभीरता को देखते हुए सारण एसएसपी विनीत कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। स्थानीय थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मृतक अपने तीन भाइयों और तीन बहनों में सबसे बड़ा था, जिसकी मौत के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

