कुंदन कुमार, पटना। महिलाओं के खिलाफ लगातार विवादित बयान देकर सुर्खियों में बने पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पर जदयू विधायक सह पूर्व मंत्री लेशी सिंह ने जमकर हमला बोला है। लेशी सिंह ने कहा कि, महिलाओं को लेकर जो बयान पप्पू यादव ने दिया है, वो गलत है। यह दिवालियापन का उदाहरण है। उनके घर में भी बहन है पत्नी है, उन्हें ये सोचना चाहिए उनकी पत्नी भी राजनीति में है। उन्हें यह खयाल क्यों नहीं आया?

जल्द होगा मंत्रिमंडल का विस्तार- लेशी सिंह

साथ ही लेशी सिंह ने कहा कि, हमारे नेता नीतीश जी लगातार महिलाओं के लिए काम किए हैं। महिला को सशक्त बनाने के लिए कई योजना बनाया गया है, जिसका फायदा बिहार की महिलाओं को हो रहा है। वहीं, इस दौरान उन्होंने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर बड़ा बयान दिया और कहा कि जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार होगा, जिसमें महिलाओं की भागीदारी भी अच्छी रहेगी।

दरअसल आज रविवार को जदयू कार्यालय में दानवीर भामाशाह की जयंती पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें शामिल होने के लिए लेशी सिंह पार्टी कार्यालय पहुंची थी। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मीडिया कर्मियों से बातचीत के दौरान उन्होंने यह बयना दिया।

पप्पू यादव का विवादित बयान

गौरतलब है कि पिछले दिनों पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने महिलाओं को लेकर एक बेहद ही आपत्तिजनक बयान दिया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि महिलाओं को राजनीति में आने के लिए कंप्रोमाइज करना पड़ता है। उन्होंने यहां तक कह दिया कि 90% महिलाओं का राजनीतिक करियर नेताओं के बेड (बिस्तर) से शुरू होता है, उनके इस बयान को लेकर बिहार महिला आयोग ने उन्हें नोटिस जारी करते हुए तीन दिनों के अंदर जवाब भी मांगा था।

महिला आयोग के नोटिस को बताया अवैध

पप्पू यादव यही नहीं रुके, महिला आयोग द्वारा भेजे गए नोटिस को उन्होंने अवैध बताया और अपने अलग-अलग बयान में उन्होंने कहा कि, पटना के कुछ गर्ल्स हॉस्टलों से नेताओं और अधिकारियों को लड़कियों को परोसा जाता है। उन्होंने अपने एक बयान में यह भी आरोप लगाया कि मीडिया के बड़े-बड़े संस्थानों में भी महिला एंकरों का शारीरिक शोषण किया जाता है। हालांकि विवाद के बढ़ने पर उन्होंने माफी मांगते हुए कहा था कि, उनका उद्देश्य किसी का अपमान करना नहीं, बल्कि समाज में महिलाओं और बेटियों के प्रति हो रहे अपराध को उठाना और उनकी लड़ाई लड़ना है।

ये भी पढ़ें- जदयू कार्यालय में मनाई गई दानवीर भामाशाह की जयंती, नीतीश कुमार ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ