Bihar Weather Today: बिहार में कल रविवार को अचानक मौसम में हुए बदलाव के कारण उत्तर और पूर्वी बिहार के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि देखने को मिली, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत तो जरूर मिली। लेकिन इस दौरान बारिश और ओलावृष्टि के कारण फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। वहीं, कटिहार में आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। हालांकि दक्षिण बिहार में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहा।

13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

बिहार के कई जिलों में आज भी आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान आसमान से ठनका भी गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज सोमवार (27 अप्रैल) के लिए 13 जिलों में आंधी, बारिश और ठनका गिरने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक उत्तर और पूर्वी बिहार के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का दौर जारी रहेगा। इस दौरान आसमान से ठनका गिरने का भी खतरा बना रहेगा।

तापमान में गिरावट

मौसम में हुए अचानक बदलाव का असर तापमान में भी देखने को मिला है। रविवार को हुई बारिश, आंधी और ओलावृष्टि के कारण राजधानी पटना समेत 28 शहरों में अधिकमत तापमान में गिरावट देखने को मिली, जिससे लोगों को पड़ रही भीषण गर्मी से काफी राहत मिला। पूर्वा हवा बहने के कारण पटना के अधिकतम तापमान में 6.4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, गयाजी, भभुआ और रोहतास के डेहरी में तापमान 40 डिग्री के पार रहा।

जानें मौसम में क्यों हुआ बदलाव?

दरअसल मौसम में अचानक हुए बदलाव के पीछे झारखंड और पश्चिम बंगाल के आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र है। इसके साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर चक्रवाती हवा का असर भी है। ऊपर आसमान में तेज हवाएं चल रही हैं, जिससे मौसम अस्थिर हो गया है। इसी कारण कई जगहों पर बादल छा रहे हैं, तेज हवा चल रही है और बारिश हो रही है।

पटना का मौसम

राजधानी पटना की बात करे तो आज सोमवार जिले में हल्के बादल छाए रहने की उम्मीद है। हालांकि इस बीच उमस भरी गर्मी बनी रह सकती है। वहीं, शाम और रात के समय तक मौसम के सुहावना होने की उम्मीद है। इस दौरान तेज हवा के साथ हल्की बारिश होने की उम्मीद है। जिले का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

दक्षिण बिहार में गर्मी का प्रकोप जारी

बारिश और ओलावृष्टि के कारण तापमान में हल्की गिरावट भले ही देखने को मिली हो, लेकिन दक्षिण-पश्चिम बिहार में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की कम ही उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान इन इलाकों का तापमान 40 डिग्री के पार तक पहुंच जा सकता है, जिससे इन इलाके के लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: समीक्षा बैठक, कांग्रेस की PC, जदयू की बैठक, एक नजर आज के बड़े कार्यक्रमों पर