अतीश दीपंकर/भागलपुर। जिले से ममता को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां पीरपैंती प्रखंड के बाखरपुर थाना क्षेत्र में एक कलयुगी मां ने अपने अवैध संबंधों का राज खुलने के डर से अपनी ही 11 साल की मासूम बेटी को मौत के घाट उतारने की साजिश रच डाली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि आरोपी महिला फिलहाल फरार है।
आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था मासूम ने
पुलिस जांच और आरोपी के कबूलनामे के अनुसार, बाखरपुर की रहने वाली उक्त महिला का पति रोजगार के सिलसिले में घर से बाहर रहता था। इस बीच महिला का प्रेम प्रसंग पड़ोस के ही गोलू कुमार नामक युवक से शुरू हो गया। बीते दिनों मासूम बेटी ने अपनी मां और गोलू को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। लोक-लाज और पति द्वारा जान से मार दिए जाने के डर से महिला ने अपनी ही बेटी को रास्ते से हटाने का खौफनाक फैसला लिया।
हत्या की साजिश और मकई का खेत
साजिश के तहत, महिला ने प्रेमी गोलू के साथ मिलकर बच्ची की हत्या की योजना बनाई। आरोपी गोलू ने बच्ची को सुनसान जगह पर ले जाकर उसका गला दबा दिया। जब बच्ची बेसुध हो गई, तो उसे मृत समझकर मकई के खेत में फेंक दिया गया। हालांकि, नियति को कुछ और ही मंजूर था, बच्ची की जान बच गई, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
साजिश नाकाम होने पर लगाया रेप का आरोप
जब बच्ची घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। मासूम मकई के खेत में घायल अवस्था में मिली। होश आने पर उसने अपनी आपबीती सुनाई। खुद को फंसता देख शातिर मां ने मामले को घुमाने की कोशिश की और पड़ोसी युवक पर ही बलात्कार का झूठा आरोप मढ़ दिया ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।
पुलिस की सक्रियता और आरोपी की गिरफ्तारी
बाखरपुर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया। तकनीकी अनुसंधान और पूछताछ के दौरान पुलिस को शक हुआ। घटना के मात्र 6 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी गोलू कुमार को धर दबोचा। कड़ाई से पूछताछ करने पर गोलू ने सारा सच उगल दिया और बताया कि कैसे बच्ची की मां ने ही उसे हत्या के लिए उकसाया था।
वर्तमान स्थिति
घायल बच्ची का इलाज वर्तमान में भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (JLNMCH) में चल रहा है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

