तुर्की से गिरफ्तार किया गया ड्रग डॉन और दाऊद इब्राहिम का राइट हैंड सलीम डोला को भारत लाया गया है। सलीम को हाल ही में तुर्की के इस्तांबुल में गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद उसे दिल्ली टेक्निकल एयरपोर्ट पर डिपोर्ट किया गया है। खुफिया विभाग के एक ऑपरेशन के बाद इंटरनेशनल एजेंसियों के साथ मिलकर सलीम डोला को भारत डिपोर्ट कराया गया है।

बताया गया कि आज सुबह एक विशेष विमान से सलीम डोला को दिल्ली एयरपोर्ट लाया गया। इस वक्त सलीम डोला से खुफिया एजेंसियों द्वारा पूछताछ की जा रही है। इसके बाद समीम डोला को मुंबई पुलिस को हैंडओवर कर दिया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि डोला ‘D Company’ की ओर से भारत में एक बड़ा ड्रग नेटवर्क चला रहा था।

डोला पर क्या है आरोप?

डोंगरी का रहने वाला डोला, जो करीब एक दशक पहले भारत से फरार हो गया था, विदेश में बैठकर अपने आपराधिक नेटवर्क को संचालित कर रहा था। वह कई राज्यों में फैले नशीले पदार्थों के बड़े नेटवर्क को कंट्रोल करता था। भारतीय एजेंसियों ने उसके खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस एक्ट (NDPS Act) के तहत प्रत्यर्पण प्रक्रिया शुरू की थी, जिसके बाद आज उसे भारत वापस लाया गया है।

कैसे सामने आया मामला

साल 2024 में डोला का नाम तब सुर्खियों में आया, जब मुंबई क्राइम ब्रांच ने 4 किलोग्राम MD ड्रग्स की बड़ी जब्ती के मामले की जांच की। जांच में खुलासा हुआ कि यह सप्लाई चेन सांगली और सूरत से शुरू होकर UAE और तुर्की तक फैली हुई थी। इन अंतरराष्ट्रीय ऑपरेशन्स को डोला अपने सहयोगियों के जरिए विदेश से ही संचालित करता था।

दरअसल, पिछले साल एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके बेटे ताहिर और भतीजे मुस्तफा मोहम्मद कुब्बावाला को इंटरपोल की मदद से UAE से डिपोर्ट कराया था। अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से डोला के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा और उसकी गतिविधियां कमजोर पड़ गईं।

पुराना आपराधिक इतिहास

डोला नारकोटिक्स एजेंसियों के लिए कोई नया नाम नहीं है। उसे पहली बार 1998 में मुंबई एयरपोर्ट पर 40 किलोग्राम मैंड्रेक्स के साथ गिरफ्तार किया गया था। जांच एजेंसियों के अनुसार, कुख्यात अपराधी सलीम मिर्ची के बाद डोला ने ‘डी-कंपनी’ के लिए ड्रग्स से जुड़े ऑपरेशन्स की जिम्मेदारी संभाली थी।

डोला की भारत वापसी को एजेंसियां एक बड़ी सफलता मान रही हैं। माना जा रहा है कि उससे पूछताछ के जरिए अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क, सप्लाई चेन और उसके सहयोगियों के बारे में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

अमित शाह बोले- नार्को सिंडिकेट के खिलाफ जीरो टॉलरेंस

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, ‘@narcoticsbureau ने आज तुर्की से कुख्यात ड्रग तस्कर मोहम्मद सलीम डोला को वापस लाने में एक बड़ी सफलता हासिल की है। ड्रग कार्टेल को पूरी तरह से खत्म करने के मोदी सरकार के मिशन के तहत, हमारी नार्कोटिक्स विरोधी एजेंसियों ने वैश्विक एजेंसियों के एक मजबूत नेटवर्क के जरिए सीमाओं के पार भी अपनी पकड़ बना ली है। अब वे कहीं भी छिप जाएं, ड्रग सरगनाओं के लिए कोई भी जगह सुरक्षित नहीं है।’

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m