हेमंत शर्मा, इंदौर। चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को शिलांग कोर्ट से जमानत मिल गई है। इस फैसले के बाद मृतक राजा रघुवंशी के परिवार ने शिलांग पुलिस पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। परिवार का आरोप है कि सोनम रघुवंशी को पुलिस का संरक्षण मिल रहा है। राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने न्यूज़ 24 मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ और लल्लूराम डॉट कॉम से बातचीत में कहा कि उन्हें जमानत याचिका की जानकारी तक नहीं दी गई। पहले तीन बार जमानत याचिकाओं पर उन्होंने आपत्ति दर्ज कराई थी, जो खारिज हो चुकी थीं।
विपिन ने अपने ही वकील पर जताया शक
विपिन रघुवंशी ने अपने ही वकील की भूमिका पर भी शंका जताई है। उनका कहना है कि वकील ने यह तक नहीं बताया कि जमानत याचिका कोर्ट में लग चुकी है, जिससे पूरे मामले में संदेह और गहरा गया है। परिवार के मुताबिक, शिलांग पुलिस ने कोर्ट में करीब 990 पेज की केस डायरी पेश की थी। इसके बावजूद जमानत मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है। अब परिवार ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने की तैयारी कर ली है और जमानत रद्द कराने की बात कही है।
सोनम की गिरफ्तारी की वजह बनी रिहाई का आधार
एक और बड़ा आरोप यह भी है कि गिरफ्तारी के समय पुलिस ने सोनम रघुवंशी को यह तक नहीं बताया कि उसे किस आधार पर गिरफ्तार किया जा रहा है। इसी बिंदु को कोर्ट में बचाव पक्ष के वकील ने आधार बनाया। गौरतलब है कि शिलांग पुलिस ने सोनम रघुवंशी को उसके पति राजा रघुवंशी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया था। अब जमानत मिलने के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।
मां बोली- सुना था कानून अंधा होता है, आज देख लिया
बेटे को खो चुकी मां ने भावुक होते हुए कहा- “कानून अंधा होता है, यह सुना था… आज देख भी लिया।” सोनम रघुवंशी की जमानत की खबर मिलते ही परिवार में शोक और आक्रोश का माहौल है। राजा रघुवंशी की मां रो-रोकर बेहाल हैं और पूरे मामले में न्याय की मांग कर रही हैं। मां ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से गुहार लगाते हुए कहा कि इस पूरे मामले की जांच CBI से कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। उनका मानना है कि निष्पक्ष जांच में ही असली तथ्य उजागर होंगे।
हाईकोर्ट में चुनौती देगा परिवार
परिवार ने यह भी साफ कर दिया है कि वे सोनम रघुवंशी की जमानत को हाई कोर्ट में चुनौती देंगे। मां का कहना है कि उन्हें अपने ही वकील की भूमिका पर संदेह है। आरोप है कि इस बार जमानत याचिका की जानकारी परिवार को नहीं दी गई, जबकि पहले हर बार सूचना मिलती थी और वे आपत्ति दर्ज कराते थे। भावुक बयान में मां ने एक और बात कही। उनके मुताबिक, जिस ग्यारस (एकादशी) के दिन दिन उसकी हत्या हुई और अब उसी तिथि पर आरोपी को जमानत मिलना “संयोग नहीं” है। उन्होंने इसे ईश्वर की इच्छा बताते हुए कहा कि अब उन्हें भगवान से ही न्याय की उम्मीद है।
गौरतलब है कि शिलांग पुलिस ने सोनम रघुवंशी को अपने ही पति राजा रघुवंशी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया था। अब जमानत मिलने के बाद यह मामला एक बार फिर सवालों के घेरे में है और परिवार न्याय के लिए आगे की कानूनी लड़ाई की तैयारी में है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

