एस आर रघुवंशी, गुना। मध्य प्रदेश के गुना में एक दोस्त ने न सिर्फ दोस्ती के रिश्तों को कलंकित किया, बल्कि उसकी नाबालिग बेटी से अश्लील हरकत कर इंसानियत को भी शर्मसार कर दिया। बच्ची ने आखिरकार साहस दिखाकर दरिंदे के खिलाफ शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

दरअसल, सिटी कोतवाली क्षेत्र का यह पूरा मामला है जहां नाबालिग को उसके पिता के दोस्त ने ही अपनी हवस का शिकार बनाया। आरोपी की पहचान फिरोज सलीम खान के रूप में हुई है जो पीड़िता के पिता का पुराना दोस्त है। इसी दोस्ती की आड़ में उसका घर आना-जाना था। दिसंबर 2025 को पीड़िता अपने पिता, छोटी बहन, पिता के दोस्त और आरोपी के साथ कोटा गई थी। यही से आरोपी की दरिंदगी की शुरुआत हुई।

घर लौटते समय आरोपी ने कार की पीछे की सीट पर बच्ची से गलत हारकर की। पीड़िता लोक लाज की वजह से शांत रही और गाड़ी की आगे की सीट पर छोटी बहन के साथ जाकर बैठ गई। आरोपी कुछ दिन बाद घर आया और कहा कि उसके पास उसका नहाते हुए वीडियो है जिसे वह वायरल कर देगा। इसकी धमकी देकर वह पीड़िता पर मिलने का दबाव बनाता था। लगातार घर आता और मौका मिलते ही उसे छूने की कोशिश करता। 

रोज-रोज की धमकी और प्रताड़ना से तंग आकर नाबालिग ने सोमवार शाम भोपाल चाइल्ड हेल्पलाइन पर फोन किया। बच्ची की बात सुनकर चाइल्ड लाइन ने तुरंत गुना पुलिस को जानकारी दी। देर रात पुलिस टीम पीड़िता के घर पहुंची और उसे और उसकी 7 साल की छोटी बहन को थाने लाई जहां पीड़िता ने रोते हुए पूरी घटना बताई।

रात दो बजे धरा गया आरोपी  

बयान के बाद पुलिस ने बिना देर किए कार्रवाई की। रात करीब दो बजे आरोपी फिरोज सलीम खान को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। पीड़िता अपने पिता, दादी और छोटी बहन के साथ रहती है। उसने बताया कि आठ साल पहले उसकी मां ग्वालियर चली गई थी।

डिजिटल सबूत खंगाल रही पुलिस  

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से बच्ची को डरा धमकाकर शोषण कर रहा था। पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल सबूत की बारीकी से जांच कर रही है।

थाना प्रभारी ने कहा, होगी सख्त कार्रवाई  

कोतवाली थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि नाबालिग की सूचना पर मामले को गंभीरता से लिया गया। एफआईआर दर्ज कर आरोपी को देर रात गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m