नालंदा। जिले से एक मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर हुआ प्यार एक युवक के लिए जी का जंजाल बन गया। इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद मिलने आई युवती ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर युवक के अपहरण की साजिश रची और 6 लाख रुपये की फिरौती मांग डाली। हालांकि, नालंदा पुलिस की सक्रियता ने महज 6 घंटे के भीतर न सिर्फ युवक को सकुशल बरामद किया, बल्कि मुख्य साजिशकर्ता युवती को भी सलाखों के पीछे भेज दिया।
इंस्टाग्राम पर बुना गया साजिश का जाल
घटना की शुरुआत इंस्टाग्राम से हुई, जहां 22 वर्षीय विक्रम कुमार की मुलाकात संध्या कुमारी नाम की युवती से हुई। पुलिस के अनुसार, संध्या ने पैसों के लालच में विक्रम को अपने ‘प्रेम जाल’ में फंसाया। काफी समय तक मीठी बातों का सिलसिला चला और जब संध्या को लगा कि शिकार तैयार है, तो उसने विक्रम को मिलने के बहाने बुलाया। विक्रम बिना किसी डर के उससे मिलने पहुंचा, लेकिन उसे क्या पता था कि वहां प्यार नहीं बल्कि हथकड़ियां उसका इंतजार कर रही हैं।
फिरौती की कॉल और पुलिस की कार्रवाई
29 अप्रैल की रात करीब 10:00 बजे पावापुरी थाना क्षेत्र के चोर्सुआ मोड़ से विक्रम का अपहरण कर लिया गया। रात 11:00 बजे अपहरणकर्ताओं ने विक्रम के पिता, सागर रविदास को फोन किया और बेटे की जान के बदले 6 लाख रुपये की फिरौती मांगी। घबराए परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए राजगीर DSP सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने तुरंत उस मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लिया जिससे कॉल आई थी। लोकेशन पंचाने नदी के पास मिली, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी शुरू की।
दबिश के आगे पस्त हुए अपराधी
अपराधी लगातार जगह बदलकर फिरौती की मांग कर रहे थे। पुलिस टीम सादे लिबास में युवक के पिता का पीछा कर रही थी। पुलिस के बढ़ते दबाव और चारों तरफ से घिरता देख किडनैपर्स के हौसले पस्त हो गए। पकड़े जाने के डर से अपराधी विक्रम को पावापुरी फ्लाईओवर के पास छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
सकुशल बरामदगी के बाद जब पुलिस ने विक्रम से पूछताछ की, तो उसने संध्या कुमारी का नाम लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संध्या को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ के दौरान उसने कबूल किया कि उसने अपने बॉयफ्रेंड राजा गोप और दोस्त सोनू उर्फ नटु के साथ मिलकर अपहरण की पूरी प्लानिंग की थी। फिलहाल मुख्य आरोपी युवती पुलिस की गिरफ्त में है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी जारी है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

