Bihar News: फिजिक्स वाला के सीईओ अलख पांडेय बुरे फंसते हुए नजर आ रहे हैं। दरअसल राजधानी पटना के बोरिंग रोड स्थित PW विद्यापीठ संस्थान को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। यहां एक महिला ने PW विद्यापीठ में अपने बेटे के IIT-JEE कोचिंग एडमिशन को रद्द करने और जमा फिस वापस करने को लेकर संस्थान को लीगल नोटिस भेजा है। यह नोटिस पटना हाईकोर्ट के वकील बिभूति नारायण ने प्रतिभा कुमारी की ओर से संस्थान के सीईओ अलख पांडेय और पटना स्थित सेंटर मैनेजर प्रकाश को भेजा है।

UPI के जरिए जमा की थी फिस की पहली किस्त

दरअसल प्रतिभा कुमारी ने अपने बेटे तरुण कुमार (कक्षा 11) का 14 अप्रैल 2026 को ऑनलाइन स्कॉलरशिप टेस्ट के आधार पर PW विद्यापीठ में एडमिशन कराया था। उस समय तय फिस की पहली किस्त 57,217 रुपये UPI के जरिए उन्होंने जमा की थी। इस दौरान संस्थान की ओर से बताया गया कि 27 अप्रैल से नियमित क्लास शुरू होगी और तब तक छात्र संस्थान आकर लाइब्रेरी व अन्य सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं।

एडमिशन रद्द और फिस वापस करने की मां

एडमिशन रद्द और फिस वापस करने की मांग कर रही प्रतिभा कुमारी का आरोप है कि इस दौरान, जब तरुण कुछ दिन के लिए कोचिंग गया, तो उसे वहां का माहौल पढ़ाई के अनुकूल नहीं लगा। ऐसे में मां ने 25 अप्रैल को एडमिशन रद्द कर फीस वापस करने की मांग की। लेकिन कोचिंग संस्थान ने ऐसा करने से इंकार करते हुए कहा गया कि PW विद्यापीठ की कोई रिफंड पॉलिसी नहीं है।

लीगल टीम का हवाला देकर धमकाया

नोटिस में यह भी आरोप लगाया गया है कि पैसे वापस मांगने पर संस्थान की ओर से लीगल टीम होने का हवाला देते हुए उन्हें डराने और धमकाने की भी कोशिश की गई। संस्थान की ओर से कहा गया कि उनके पास एक मजबूत लीगल टीम है। पैसे वापस नहीं होंगे। आपको जो करना है आप कर लीजिए।

पटना HC के वकील ने भेजा नोटिस

ऐसे में अब प्रतीभा कुमारी की ओर से पटना हाईकोर्ट के वकील बिभूति नारायण ने संस्थान को नोटिस भेजते हुए 15 दिनों के अंदर पेनाल्टी के साथ पूरे पैसे वापस लौटाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि ऐसा नहीं होने पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, अब इस मामले के सामने आने के बाद कोचिंग संस्थानों की कार्यप्रणाली और रिफंड पॉलिसी को लेकर सवाल उठने लगा है।

ये भी पढ़ें- बिहार में दर्दनाक हादसा: घर में सो रहे बुजुर्ग की जिंदा जलने से मौत, जांच में जुटी पुलिस