कुंदन कुमार, पटना। सीएम सम्राट चौधरी ने 6 मई को अपने कैबिनेट की तीसरी बैठक बुलाई है। मुख्यमंत्री की यह कैबिनेट बैठक शाम 5 बजे मुख्यमंत्री सचिवालय में होगी। इस बैठक में सीएम सम्राट चौधरी के अवाला दोनों डिप्टी सीएम और प्रमुख विभाग से जुड़े कई पदाधिकारी शामिल हो सकते हैं।
बता दें कि सीएम सम्राट चौधरी फिलहाल आज 3 मई को दिल्ली दौरे पर हैं। ऐसे में दिल्ली से लौटने के तुरंत बाद उन्होंने कैबिनेट की बैठक बुलाई है। कैबिनेट बैठक में सरकार के बड़े प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है। वहीं, इस दौरान सरकार द्वारा लिए गए अहम फैसलों पर चर्चा भी होगी। इसके साथ ही कई नई नीतियों को मंजूरी भी मिल सकती है।
पिछली बैठक में 63 एजेंडों पर लगी थी मुहर
इससे पहले हुई कैबिनेट बैठक में सम्राट सरकार ने कुल 63 अहम प्रस्तावों पर मुहर लगाई थी, जिनमें पुलिस भर्ती, नाम परिवर्तन और भारी-भरकम बजट आवंटन शामिल थे। नीतिगत निर्णयों के तहत बिहार पुलिस में 20,937 नए पदों पर भर्ती को मंजूरी दी गई थी। इस भर्ती प्रक्रिया की सबसे खास बात यह है कि कुल पदों में से 50% पद विभागीय पदोन्नति (प्रमोशन) के माध्यम से भरे जाएंगे। शेष 50% पदों पर सीधी भर्ती के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
शाह के साथ बैठक में लगेगी फाइनल मुहर
बता दें कि दिल्ली में आज सीएम सम्राट चौधरी की भाजपा के कई शीर्ष नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात होनी है। सीएम सम्राट आज गृहमंत्री अमित शाह के साथ भी मुलाकात करेंगे। ऐसे में यह बैठक कैबिनेट विस्तार को लेकर काफी अहम मानी जा रही है। कहा जा रहा है कि अमित शाह के साथ होने वाली इस बैठक में ही बिहार में होने वाले कैबिनेट विस्तार के अंतिम स्वरूप पर मुहर लग सकती है।
गृह विभाग पर विजय सिन्हा की नजर
दरअसल कैबिनेट विस्तार से पहले एनडीए में खींचतान और सियासी उठापटक जारी है। सूत्रों के अनुसार डिप्टी सीएम का पद जाने के बाद बीजेपी नेता विजय कुमार सिन्हा की नजरें गृह विभाग पर टिकी हुई है। इससे कम में वह किसी भी पद को लेने के लिए राजी नहीं हैं। वहीं, सीएम सम्राट चौधरी और जदयू की भी नजर गृह विभाग पर है। गौरतलब है कि 2025 के चुनाव में जीत के बाद, जब नीतीश कुमार सीएम बने तो बीजेपी ने अपने पास गृह विभाग रख लिया। यह पहला मौका था, जब नीतीश कुमार ने सीएम रहते हुए गृह विभाग अपने पास न रखा हो। वहीं, अब जब बीजेपी का सीएम है, तो जदयू की भी नजरें गृह विभाग पर टिकी हुई हैं।
ये भी पढ़ें- ‘सद्भाव यात्रा’ पर निकलने से पहले निशांत ने लिया पिता नीतीश का आशीर्वाद, यात्रा को लेकर कही ये बात
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

