प्रदीप मालवीय, उज्जैन। हाटकेश्वर धाम कॉलोनी स्थित एक मकान से शव बरामद होने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। शव आलोट से गुमशुदा युवक का है। इस घटना से दोनों जिलों में हड़कंप मच गया है। रतलाम जिले के आलोट तहसील के विक्रमगढ़ से 22 वर्षीय मनीष माली शुक्रवार रात लापता हुआ था। जिसका शव शनिवार शाम उज्जैन के नीलगंगा थाना क्षेत्र में मिला है। पुलिस ने शव बरामद कर उज्जैन जिला अस्पताल भेज दिया था। शव का रविवार सुबह पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

हम्माली कर घर लौटते समय हुआ था अपहरण

जानकारी मिली है कि मनीष शुक्रवार शाम पिता के साथ हम्माली कर घर लौटा था। रात करीब 10.30 बजे बाजार जाने की बात कहकर निकला और वापस ही नहीं आया। जिसके परिजनों ने रातभर इलाके में तलाश की। इस बीच युवक के परिजनों को पता चला की कुछ लोग उसे उठाकर ले गए हैं जिसके बाद उन्होंने अपहरण की रिपोर्ट आलोट थाने में दर्ज कराई।

ये भी पढ़ें: नरसिंहपुर में शराब कारोबारी से मारपीट: लात-घूसों और बेल्ट से पीटा, फिर अपहरण कर सुनसान इलाके में ले जाकर…

पिता का आरोप

पिता दिनेश माली ने बताया कि करीब सालभर पहले उनके बेटे मनीष का विक्रमगढ़ में रहने वाले मयंक उर्फ महेंद्र से शादी-समारोह में विवाद हुआ था। मयंक उज्जैन का रहने वाला है और विक्रमगढ़ में नाना के घर रहता है।

सूचना के आधार पर पहुंची पुलिस

जांच के दौरान पुलिस टीम उज्जैन पहुंची, जहां हाटकेश्वर धाम कॉलोनी के मकान को खोलकर देखा गया। मकान के अंदर युवक मनीष का शव मिला, जिसे आरोपियों ने छिपाकर रखा था। पुलिस ने बताया की आरोपियों ने युवक को अपनी अभिरक्षा में रखने के बाद उसकी हत्या कर दी। मौके को देखकर यह लगा रहा है कि रस्सी से गला घोंटकर हत्या की गई है।

ये भी पढ़ें: नगर पालिका की मनमानी: कचरा डंपिंग यार्ड बना ‘डेथ ज़ोन’, मासूमों की सांसों पर मंडराया संकट

अपहरण और हत्या का केस दर्ज

पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अपहरण आलोट से और हत्या उज्जैन में होने के चलते दोनों जिलों की पुलिस मिलकर मामले में कार्रवाई कर रही है। आलोट थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम ने बताया कि अपहरण का केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। परिजनों ने के बताए नाम के आधार पर मयंक समेत कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपियों ने पकड़े जाने के डर से अपने मोबाइल रिसेट कर दिए हैं। जिसकी भी जांच की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m