रामकुमार यादव, सरगुजा। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले के मेंड्राकला स्थित खर्रा नदी में नहाने गए चाचा-भतीजा की डूबने से मौत हो गई। एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मृतकों की पहचान अमन कुमार (19 वर्ष) पिता अमला कुमार और उज्जवल दीप भराती (17 वर्ष) पिता कृष्णा प्रसाद भराती के रूप में हुई है। दोनों मायापुर स्थित चांदनी चौक के निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं जरहागढ़ निवासी समर्थ सोनी (17 वर्ष) पिता विनय सोनी की हालत गंभीर है, जिसका इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जारी है।

बताया जा रहा है कि तीनों युवक मंगलवार दोपहर करीब एक बजे खर्रा नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने से यह हादसा हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों युवकों के शवों को बाहर निकाला गया, जबकि गंभीर रूप से घायल समर्थ को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
गौरतलब है कि पिछले एक सप्ताह के भीतर खर्रा नदी में यह दूसरा बड़ा हादसा है। कुछ दिन पहले भी इसी स्थान पर मामा-भांजी की डूबने से मौत हो गई थी, जिससे इलाके में दहशत और चिंता का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग भी उठने लगी है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H
खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

