लक्ष्य वर्मा , करनाल। करनाल जिला सचिवालय में उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जनगणना 2027 से जुड़े चार्ज अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नजरी नक्शे और मकान सूचीकरण ब्लॉक (एचएलबी) के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित कार्य एक-दो दिन के भीतर पूरा कर पोर्टल पर अपलोड किए जाएं। बैठक में नगर निगम, नगर पालिका तथा ब्लॉक स्तर पर चल रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
नए ब्लॉक बनाने और अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती के निर्देश
कुछ स्थानों पर बड़े मकान सूचीकरण ब्लॉकों के कारण आ रही दिक्कतों को लेकर चर्चा हुई, जिस पर अधिकारियों ने सुझाव दिया कि इन ब्लॉकों को विभाजित कर नए ब्लॉक बनाए जाएं तथा अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती की जाए। अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश प्रगणकों द्वारा नजरी नक्शे तैयार कर लिए गए हैं और एचएलबी कार्य पूर्ण होते ही मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य शुरू किया जाएगा।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि जनगणना 2027 का प्रथम चरण, जिसमें मकानों की सूचीकरण एवं गणना शामिल है, 30 मई तक पूरा किया जाना है। इस बार पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम यानी एप के जरिए की जाएगी।
गर्मी और लू के मद्देनजर सावधानी बरतने की सलाह
उपायुक्त ने आमजन से अपील की कि जनगणना कार्य के दौरान प्रगणकों को सही और सटीक जानकारी दें, क्योंकि इन्हीं आंकड़ों के आधार पर भविष्य की योजनाएं और नीतियां तैयार की जाती हैं। बैठक में एडीसी डॉ. राहुल रैया भी उपस्थित रहे।
इसके अलावा, गर्मी और लू के मद्देनजर उपायुक्त ने फील्ड में कार्य कर रहे प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कार्य के दौरान पानी, ओआरएस और तरल पदार्थों का नियमित सेवन करें, हल्के कपड़े पहनें, सिर को धूप से बचाएं और बीच-बीच में छायादार स्थान पर विश्राम करें। आवश्यकता होने पर हेल्पलाइन नंबर 0184-2265386 पर संपर्क किया जा सकता है।

