अविनाश श्रीवास्तव/सासाराम। रोहतास के अकोढ़ीगोला से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है, जहां खुशियों भरा घर पल भर में मातम के सागर में डूब गया। बसंतपुर गांव में आसमानी बिजली (वज्रपात) की चपेट में आने से एक पशुपालक की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब घर में बेटे की शादी की शहनाइयां बजने वाली थीं, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

​खेत में मवेशी चराने के दौरान हुआ हादसा

​मृतक की पहचान बसंतपुर निवासी नंदकिशोर यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, नंदकिशोर प्रतिदिन की तरह अपने मवेशियों को लेकर खेत की तरफ चराने गए थे। इसी बीच अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। भारी गर्जना के साथ जोरदार वज्रपात हुआ, जिसकी सीधी चपेट में नंदकिशोर यादव आ गए। बिजली गिरने से वह बुरी तरह झुलस गए। स्थानीय ग्रामीण तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाने के लिए दौड़े, लेकिन उनकी सांसे रास्ते में ही थम गईं।

​शादी की खुशियां मातम में बदली

​इस घटना का सबसे दुखद पहलू यह है कि नंदकिशोर यादव के घर में उनके पुत्र की शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। मात्र चार दिन बाद, यानी 12 मई को बेटे की बारात निकलने वाली थी। इतना ही नहीं, परसों 10 मई को ही तिलक का कार्यक्रम तय था। जिस घर में मंगल गीत गाए जा रहे थे, वहां अब चीख-पुकार मची है। घर के मुखिया और पिता की साये के बिना अब शादी की खुशियां उजड़ चुकी हैं।

​गांव में पसरा सन्नाटा, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

​इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे बसंतपुर गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। शादी वाले घर में अचानक हुई इस मौत से हर कोई स्तब्ध है। घटना की सूचना मिलते ही अकोढ़ीगोला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सासाराम के सदर अस्पताल भेज दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव के लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।