सोनू वर्मा, नूंह।हरियाणा के नूंह जिले के तावडू स्थित नूंह-तावडू रोड पर शनिवार दोपहर दिल्ली की जेआरसी ट्रेडिंग कंपनी में भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया, जिससे फैक्ट्री परिसर में रखा लकड़ी का सामान जलकर राख हो गया।

इस हादसे में लकड़ी के बोर्ड, तैयार माल और फैंसी लकड़ी की जालियां जल गईं। यह फैक्ट्री लकड़ी की फैंसी जाली और सजावटी बोर्ड बनाने का काम करती थी।

कंपनी मालिक शाकिर ने बताया कि पास पड़े कूड़े के ढेर में लगी आग की चिंगारी उनकी फैक्ट्री तक पहुंच गई, जिससे पूरी यूनिट आग की चपेट में आ गई। उन्होंने इस हादसे में करीब 50 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है।


दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
आग लगने की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया। दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में लकड़ी और ज्वलनशील सामान होने के कारण आग तेजी से फैली। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। जांच में सामने आया कि फैक्ट्री में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे।