अहिल्याबाई होल्कर की पुण्यतिथि पर गुरुवार को उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में भाजपा पिछड़ा मोर्चा श्रद्धांजलि और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगा. भाजपा सपा प्रमुख अखिलेश यादव से औरैया के बिधूना स्थित महाविद्यालय का नाम बदले जाने को लेकर सवाल पूछेगी.

लखनऊ. लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की पुण्यतिथि के अवसर पर गुरुवार को उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में भाजपा पिछड़ा मोर्चा की ओर से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इन कार्यक्रमों में अहिल्याबाई होल्कर को श्रद्धांजलि देने के साथ सामाजिक जागरूकता से जुड़े आयोजन भी किए जाएंगे.

भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने इस संबंध में जिला अध्यक्षों और पदाधिकारियों को पत्र जारी किया है. पार्टी की ओर से कहा गया है कि कार्यक्रमों के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर स्थापित महाविद्यालय का नाम बदले जाने को लेकर सवाल किया जाएगा.

बिधूना कॉलेज पर सवाल

प्रकाश पाल ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने अपने शासनकाल में जनकल्याण, न्याय और सुशासन को प्राथमिकता दी. उनके कार्यकाल में कई तीर्थस्थलों और मंदिरों का पुनर्निर्माण और जीर्णोद्धार कराया गया तथा सनातन संस्कृति के संरक्षण और उसके गौरव की पुनर्स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव से सवाल किया कि औरैया के बिधूना में स्थापित राजकीय महाविद्यालय का नाम एक समय लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर रखा गया था, फिर इसे क्यों बदला गया. उन्होंने सवाल उठाया कि नाम परिवर्तन के पीछे यह वजह तो नहीं थी कि अहिल्याबाई होल्कर अति पिछड़े समाज से आती थीं या उन्होंने मुगल आक्रांताओं द्वारा ध्वस्त किए गए तीर्थस्थलों और मंदिरों के पुनर्निर्माण का काम कराया था.

भाजपा ने गिनाए सम्मान

प्रकाश पाल ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रयागराज में संगम तट पर लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की भव्य प्रतिमा स्थापित कर उन्हें सम्मान दिया है. उनके अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और सोमनाथ मंदिर में उनकी भव्य प्रतिमा की स्थापना के साथ उनके सम्मान में सिक्का और डाक टिकट भी जारी किया गया.

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने औरैया में मेडिकल कॉलेज का नाम भी लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर स्थापित किया है. औरैया के राजकीय मेडिकल कॉलेज को अहिल्याबाई होल्कर के नाम से किए जाने की घोषणा मुख्यमंत्री ने मई 2025 में की थी.

सभी जिलों में आयोजन

भाजपा पिछड़ा मोर्चा के अनुसार पुण्यतिथि के अवसर पर प्रदेश के सभी जिलों में श्रद्धांजलि सभाएं और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इन आयोजनों के जरिए लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के जनकल्याण, न्याय, सुशासन और सांस्कृतिक योगदान को याद किया जाएगा.

भाजपा की ओर से आयोजित इन कार्यक्रमों में महाविद्यालय के नाम परिवर्तन का मुद्दा भी उठाया जाएगा और इसी के जरिए समाजवादी पार्टी से सवाल किए जाएंगे.