पानीपत, 22 अप्रैल। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पानीपत पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश निवासी एक युवक को 1 किलो 100 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी यूपी से चरस खरीदकर पानीपत और आसपास के क्षेत्र में बेचने के इरादे से आ रहा था।
एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम शुक्रवार शाम पानीपत-खटीमा 709 एडी हाईवे पर गश्त और जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि यूपी नंबर की स्प्लेंडर बाइक पर सवार एक युवक मादक पदार्थ लेकर यूपी से पानीपत की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने सनौली मोड़ के सामने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।
कुछ देर बाद यमुना की तरफ से एक युवक स्प्लेंडर बाइक पर आता दिखाई दिया। बाइक पर एक बैग बंधा हुआ था। पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की। युवक ने अपनी पहचान दीपक पुत्र राजेंद्र, निवासी हरि नगर, मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश के रूप में बताई।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट ईटीओ अमित की मौजूदगी में पुलिस ने युवक और उसके बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग में रखी प्लास्टिक की थैली से चरस बरामद हुई। वजन करने पर चरस की मात्रा 1 किलो 100 ग्राम पाई गई। पुलिस ने मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
शॉर्टकट से पैसे कमाने के लिए तस्करी का आरोप
एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जल्दी और अधिक पैसा कमाने के इरादे से अपने गांव के ही एक युवक से कम कीमत पर चरस खरीदकर लाया था। इसके बाद वह पानीपत और आसपास के क्षेत्रों में इसे महंगे दाम पर बेचने के लिए ग्राहक तलाशने आ रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सनौली में NDPS Act के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ कर चरस के सप्लायर और उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस सप्लायर के ठिकाने का पता लगाकर उसे भी गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।
पानीपत पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

