कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़: दिवंगत कांग्रेस नेता सज्जन कुमार को लेकर दिए गए कथित बयान पर कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। बीजेपी के बाद अब कांग्रेस के भीतर से ही उनके खिलाफ आवाज उठी है। हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता कुलदीप शर्मा ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को पत्र लिखकर दीपेंद्र हुड्डा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

कुलदीप शर्मा ने अपने पत्र में कहा कि सज्जन कुमार को आदर्श के रूप में प्रस्तुत किए जाने वाले बयान से सिख समुदाय में नाराजगी पैदा हुई है। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा और पंजाब के कुछ सिख नेताओं और परिचितों ने उनसे संपर्क कर इस टिप्पणी पर असंतोष जताया है।

शर्मा ने कांग्रेस हाईकमान से दीपेंद्र हुड्डा को कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) से हटाने की मांग करते हुए कहा कि पार्टी को ऐसे संवेदनशील मामले में अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने पत्र में 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े मामलों का भी उल्लेख किया और कहा कि सज्जन कुमार का मुद्दा सिख समुदाय के लिए बेहद संवेदनशील रहा है।

कुलदीप शर्मा ने यह भी कहा कि पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले इस तरह का विवाद कांग्रेस के लिए राजनीतिक नुकसान का कारण बन सकता है। उन्होंने किसान आंदोलन के बाद सिख समुदाय के एक बड़े वर्ग से कांग्रेस को मिले समर्थन का हवाला देते हुए आशंका जताई कि इस बयान से पार्टी के राजनीतिक आधार पर असर पड़ सकता है।

दीपेंद्र हुड्डा के बयान को लेकर बीजेपी पहले ही कांग्रेस पर निशाना साध चुकी है। अब अपनी ही पार्टी के नेता की ओर से हाईकमान को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग किए जाने से हरियाणा कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति में एक नया विवाद खड़ा हो गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m