कुंदन कुमार/ ​पटना। बिहार के मुख्य विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सांगठनिक ढांचे को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। पार्टी की नई राष्ट्रीय और प्रदेश कमिटी के गठन का रास्ता जल्द साफ होने की उम्मीद है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने हाल ही में पार्टी के सांगठनिक कार्यों और भावी रणनीतियों को लेकर एक अहम उच्चस्तरीय बैठक की। इस बैठक में राजद के कई वरिष्ठ नेता, राज्यसभा सांसद और विधायक प्रमुख रूप से शामिल हुए, जिन्होंने संगठन की मजबूती और आगामी राजनीतिक चुनौतियों पर विस्तार से मंथन किया।

वफादारी को सबसे बड़ा पैमाना बनाया जाएगा

बैठक के दौरान पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट संकेत दिया है कि नई कमिटी के गठन में चाटुकारिता के बजाय सांगठनिक निष्ठा और वफादारी को सबसे बड़ा पैमाना बनाया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दो टूक शब्दों में कहा है कि जो कार्यकर्ता और नेता पार्टी के प्रति वफादार रहे हैं तथा संघर्ष के दिनों में साथ खड़े रहे हैं, उन्हें संगठन में प्राथमिकता के आधार पर उचित मौका दिया जाएगा। राजद लंबे समय से अपनी पुरानी कमिटी के भंग होने के बाद एक नए और ऊर्जावान स्वरूप की तलाश में है।

​जल्द होगा कमिटी का आधिकारिक ऐलान

पार्टी के भीतर चल रहे विचार-विमर्श के दौर के बाद अब आपसी सहमति के आधार पर नामों पर मुहर लगाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। नेताओं का मानना है कि पार्टी के सभी धड़ों को साथ लेकर एक सर्वसमावेशी कमिटी तैयार की जाएगी, ताकि आगामी राजनीतिक और चुनावी मैदान में पार्टी पूरी ताकत के साथ उतर सके। बहुत जल्द राजद अपने नए सांगठनिक स्वरूप की औपचारिक घोषणा कर सकता है, जिससे कार्यकर्ताओं में एक बार फिर नया उत्साह देखने को मिल रहा है।